diwali horizontal

Kanpur Breaking News

0 247

कानपुर में धोखे की दूसरी डोज

कानपुर : कोरोना वैक्सीनेशन के लाभार्थियों के साथ रविवार को धोखा हो गया। स्वास्थ्य विभाग ने 45 साल और इससे अधिक आयु के लाभार्थियों को दूसरी डोज लगवाने के लिए न्योता दे दिया और जब वे वैक्सीनेशन सेंटरों पर पहुंचे तो बैरंग लौटा दिया गया। बताया गया कि कोविशील्ड वैक्सीन की पहली डोज लिए 12 से 16 हफ्ते जिन्हें हो गए हैं, उन्हें ही दूसरी डोज दी जाएगी। nसुबह पोर्टल भी एक-डेढ़ घंटे चलने के बाद बंद हो गया। इसके चलते 5520 लाभार्थियों में 172 (3.11 प्रतिशत) को ही वैक्सीन लग सकी। 5348 लोग बैरंग लौट गए। लोगों ने आक्रोश भी जताया कि पहले उन्हें क्यों नहीं बताया गया। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को 39 वैक्सीनेशन सेंटर पर 45 साल और अधिक आयु वर्ग के लाभार्थियों को वैक्सीनेशन का प्लान जारी किया।

5520 लाभार्थियों के वैक्सीनेेशन का लक्ष्य रखा। रविवार सुबह पहली और दूसरी डोज के बीच की गैपिंग बढ़ जाने से पोर्टल बंद कर दिया गया। इससे लाभार्थी ठगे से  रह गए। 96.89 प्रतिशत लाभार्थी मायूस होकर लौट किदवईनगर में वैक्सीन की डोज 11 बजे पहुंचीं, तब तक पोर्टल पर फीडिंग बंद हो गई थी। उर्सला में मीडियाकर्मियों को वैक्सीन की पहली डोज लगनी थी। इनमें सिर्फ 39 को वैक्सीन लगी। इस तरह कुल 211 को वैक्सीन लग पाई जो 3.8 प्रतिशत वैक्सीनेशन कवरेज रहा। सीएमओ डॉ. नेपाल सिंह ने बताया कि पोर्टल बंद होने की वजह से वैक्सीन नहीं लग पाई। उम्मीद है कि सोमवार को पोर्टल अपडेट रहेगा।

चार अप्रैल को पहली वैक्सीन लगी थी। रविवार को दूसरी डोज लगनी थी। यहां पहुंचे तो पता चला कि अब 12 सप्ताह बाद वैक्सीन लग पाएगी। अगर वैक्सीन नहीं लगानी थी तो जिला प्रशासन ने शेड्यूल क्यों जारी किया। समझ नहीं आ रहा कि वैक्सीनेशन के नाम पर क्या हो रहा है। स्वाती शुक्ला, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज दूसरी डोज लगवाने आया था। यहां पता चला कि अब पहली डोज लगने के 12 से 16 सप्ताह बाद ही दूसरी डोज लगेगी। कहीं कोई जानकारी ही नहीं मिल पा रही है। अब कहां जाएं, कोई बताने वाला भी नहीं है। जितेंद्र साहू, मेडिकल कॉलेज जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज स्थित शहरी स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र में टीकाकरण नहीं हुआ। केंद्र के लोग गेट पर पोस्टर चस्पा कर रहे थे। उस पर लिखा था कि पहली डोज के 12 सप्ताह बाद दूसरी डोज लगेगी। चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिल ने बताया कि पोर्टल नहीं चल रहा है। इसलिए वैक्सीनेशन बंद है।

पनकी थाने में तैनात छह पुलिसकर्मी रविवार दोपहर वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने के लिए कल्याणपुर सीएचसी पहुंचे। डॉक्टरों ने कम से कम 10 लोग होने पर वैक्सीन लगाने की बात कही। पुलिसकर्मी चार अन्य लोगों के इंतजार में लगभग एक घंटे तक सीएचसी में बैठे रहे, लेकिन कोई नहीं आया। इसके बाद वे लौट गए। सीएचसी प्रभारी डॉ. अविनाश यादव ने बताया कि एक वायल में दस डोज लगते हैं। चार घंटे के बाद वैक्सीन खराब हो जाती है। इस कारण कम से कम दस लोग होने पर ही वैक्सीन लगाई जाती

प्रदेश सरकार ने कोरोना कर्फ्यू को 24 मई की सुबह सात बजे तक बढ़ा दिया

कानपुर : प्रदेश सरकार ने कोरोना कर्फ्यू को 24 मई की सुबह सात बजे तक बढ़ा दिया है। कानपुर में भी आंशिक बंदी पुरानी बंदिशों और नई रियायतों के साथ जारी रहेगी। पहले जो छूट और पाबंदी थी, वह आगे भी जारी रहेगी। कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों और किसानों को छूट जरूर दी गई है। जिलाधिकारी आलोक तिवारी ने शहर में सभी उन दुकानों को खोलने की अनुमति दी है, जहां कृषि संबंधी उपकरण और कीटनाशक, बीज आदि मिलते हैं। इसके अलावा किसानों को अपना गेहूं बेचने के लिए खरीद केंद्र जाने और वहां से आने की छूट होगी। किसी तरह के पास की जरूरत नहीं होगी। जिस तरह से किराना की दुकानें, सब्जी-फल, दूध, बेकरी, अंडा मीट की दुकानें अब तक खुलती आ रही थीं। वह छूट उसी तरह से जारी रहेगी। 20 मई से ऑनलाइन क्लासेज शुरू कराने की अनुमति प्रदेश सरकार ने कैबिनेट मीटिंग में दे दी है। लिहाजा छात्र-छात्राओं की ऑनलाइन क्लासेज के लिए जिन शिक्षकों को जरूरत पर स्कूल आना जाना होगा, उन्हें रियायत दी जाएगी।

कम्युनिटी किचन से जुड़े लोगों को आने जाने में छूट होगी। जरूरतमंदों में प्रदेश सरकार की तरफ से राशन वितरण संबंधी काम में लगे सरकारी, अर्धसरकारी या एनजीओ के लोगों को भी छूट होगी। आवश्यक सेवा से जुड़े किसी भी व्यक्ति को जिसे पहले अनुमति थी, वह अभी भी जारी रहेगी।किसी को बिजली का बिल जमा करना हो, अपना प्रीपेड बिजली का मीटर रीचार्ज कराने केस्को जाना हो, उसे भी पुलिस नहीं रोकेगी। इसके लिए उपभोक्ता के पास बिजली बिल की रसीद और प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के पास बैलेंस या रीचार्ज कराने संबंधी मोबाइल पर आया मैसेज दिखाया जा सकता है। अखबार बांटने वाले समाचार पत्र वितरक, मीडिया संस्थान से जुड़े पत्रकारों को भी अपना आईकार्ड दिखाकर ऑफिस या कवरेज पर आने जाने की छूट होगी।

मास्क न लगाने पर पुलिस ने विधायक का एक हजार का चालान किया

 कानपुर : सपा विधायक इरफान सोलंकी रविवार रात एक समर्थक का चालान काटने के विरोध में बिना मास्क लगाए दलेलपुरवा पहुंच गए। पुलिसकर्मियों से उनकी आधे घंटे तक नोकझोंक चली और हंगामा हुआ। पूरे घटनाक्रम का वीडियो देख पुलिस कमिश्नर ने देररात विधायक का एक हजार रुपये का चालान कर दिया।साथ ही दो दरोगाओं को एक हजार रुपये का इनाम दिया। हालांकि, विधायक ने दरोगाओं पर अभद्रता और धक्कामुक्की का आरोप लगाया है। दावा है कि इसका वीडियो भी उनके पास है। दलेलपुरवा चौकी के पास रविवार रात को पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने बिना मास्क और हेलमेट के फैज नाम के युवक को रोका। उसने विधायक इरफान सोलंकी को फोन किया और दरोगा से बात कराई। विधायक ने दरोगा से कहा कि चालान न करें। कुछ देर बाद विधायक भी मौके पर पहुंच गए। विधायक की पुलिसकर्मियों से जमकर कहासुनी हुई।

समर्थकों ने हंगामा भी किया। कुछ देर बाद घटना के कई वीडियो वायरल हुए। पुलिस कमिश्नर असीम अरुण ने बताया कि वीडियो में विधायक बगैर मास्क के नजर आ रहे हैं। इसलिए उनका एक हजार रुपये का चालान किया गया है। वहां मौजूद ट्रेनी दरोगा अभिषेक सोनकर और दरोगा मोहम्मद फहीम खान को निष्ठा के साथ ड्यूटी निभाने के लिए एक हजार रुपये का इनाम दिया गया। विधायक इरफान सोलंकी का आरोप है कि दरोगा फहीम ने उन्हें धक्का दिया था और दरोगा अभिषेक ने उनसे कहा कि तुम्हारे जैसे बहुत विधायक देखे हैं। दावा किया कि इसका वीडियो उनके पास है। इस मामले को लेकर वह सोमवार को पुलिस कमिश्नर से मिलेंगे। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से करने के साथ विधानसभा तक ले जाएंगे।

सेवानिवृत्त आरएस राम के परिवार पर कोरोना का ऐसा कहर

कानपुर:  में सर्वोदय नगर स्थित क्षेत्रीय पीएफ कार्यालय से सेवानिवृत्त आरएस राम के परिवार पर कोरोना का ऐसा कहर टूटा कि देखते-देखते पूरा परिवार बिखर गया। महज 22 दिन में पति-पत्नी और बेटे की मौत हो गई। परिवार में बहू और चार साल का पौत्र बचा है।परिवार में अब कमाने वाला कोई नहीं है। वहीं, पेंशनर एसोसिएशन ने सभाकर संवेदना जताई। ईपीएफ पेंशन एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के महामंत्री राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि आरएस राम 2012 में सहायक आयुक्त के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी उम्र 68 साल थी। बेटा विकास शिक्षण संस्थान में कैंटीन चलाता था। मूलरूप से आजमगढ़ के रहने वाले थे। काकादेव मसवानपुर स्थित रोड के पास उनका निजी आवास है। 21 अप्रैल को तीनों की तबीयत बिगड़ी थी। 22 अप्रैल को पत्नी, 25 अप्रैल को बेटे की कोरोना से मौत हो गई। इनका भी इलाज चल रहा था। 13 मई को इनका भी निधन हो गया। उन्होंने बताया कि सहायक आयुक्त ऑल इंडिया ईपीएफ एससी/एसटी स्टाफ फेडरेशन के राष्ट्रीय सलाहकर थे।

फर्रुखाबाद में भीषण सड़क हादसा

कानपुर : यूपी के फर्रुखाबाद जिले में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव परमापुर के निवासी महेंद्र कुमार बाइक से एक व्यक्ति के साथ फर्रूखाबाद की ओर जा रहे थे। अचानक गांव नगला हुसा के पास बाइक की चेन टूट गयी। बाइक की गति तेज होने के कारण बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। दोनों हेलमेट नहीं लगाए थे। घटना का मंजर देख राहगीर कांप उठे। मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.