diwali horizontal

कानपुर खबर लाइव

0 264

सर्राफ ने लेनदेन के चलते फांसी लगाकर की आत्महत्या  

कानपुर : बर्रा के जरौली में सर्राफ ने लेनदेन के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। तलाशी में पुलिस को सुसाइड नोट मिला है,जिसमें उसने मर्जी से आत्महत्या का कदम उठाने और अपनी पीड़ा का जिक्र किया है। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया और पुलिस मामले की जांच कर रही है। जरौली निवासी अमित सोनी (27) बर्रा.8 में पिता ओमप्रकाश की ज्वैलरी शॉप चलाते थे। परिवार में मां अनीता,बस्ती में लेखपाल बहन प्रियंका,छोटा भाई मोहित एयरफोर्स की ट्रेनिंग कर रहा है। शनिवार देर रात संदिग्ध हालात में अमित ने साड़ी के फंदे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार की सुबह देर तक दरवाजा न खुलने पर मां अनीता ने खटखटाया,लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

मृतक के कमरे की तलाशी में मिला सुसाइड नोट

खिड़की से देखा तो फंदे से शव लटक रहा था। शोर सुनकर स्वजन पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी बर्रा हरमीत सिंह ने बताया कि मृतक के कमरे की तलाशी में एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें लेनदेन का जिक्र किया है। हालांकि स्वजन लेनदेन के बारे में कुछ बता नहीं सके हैं।

मां,पापा,दीदी मुझे माफ कर देना। कुछ दिनों से मैं बहुत टेंशन में हूं और अब बर्दाश्त नहीं कर पा रहा हूं। मैं अब आप लोगों को और तकलीफ नहीं देना चाहता। मैं जो भी कर रहा हूं अपनी मर्जी से कर रहा हूं। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है। मेरे जाने के बाद मेरे परिवार को परेशान न किया जाए। मुझे माफ कर देना। मेरे लेने और देने से मेरे परिवार का कोई मतलब नहीं है। जो भी लेना देना था या है वह सब मेरे साथ खत्म।

जूनियर नेशनल हैंडबॉल के फाइनल में आर्यावर्त की टीम ने हरियाणा को हराकर खिताब जीता 

 विजेता उपविजेता टीमों को मेडल और ट्रॉफी देकर किया सम्मानित  

कानपुर  : ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेले गए 43 वें जूनियर नेशनल हैंडबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में आर्यावर्त की टीम ने हरियाणा को खिताबी मुकाबले में 32-28 से हराकर खिताब अपने नाम किया। खिताबी मुकाबले में आर्यावर्त की टीम से भावना व मिताली ने 11-11 गोल दागे। जबकि हरियाणा को मुकाबले में बनाए रखने में मोनिका के 14 गोलों का अहम योगदान रहा।

ग्रीनपार्क स्टेडियम में जूनियर नेशनल हैंडबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच रविवार को खेला गया। मुख्य अतिथि उप्र हैंडबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ.सुधीर एम बोबड़े ने खिलाड़ियों को खेलाें से जुड़कर कॅरियर बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि आज बेटियां खेल में उपलब्धि हासिल करके भारत का नाम रोशन कर रहीं हैं। एडीजी भानू भास्कर ने कहा कि खिलाड़ी बनने में कठिन परिश्रम और अनुशासन का पालन करना पड़ता है। बेटियों को मंच तक पहुंचा देखकर खुशी होती है। विधायक सुरेंद्र मैथानी और सीडीओ डॉ.महेंद्र कुमार ने खिलाड़ियों को हरसंभव मदद की बात कही। आर्यावर्त और हरियाणा की टीम के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। फर्स्ट हाफ में हरियाणा की टीम 21-14 से आगे चल रही थी। इसके बाद आर्यावर्त की खिलाड़ी भावना और मिताली ने एक के बाद एक गोल दागकर टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। हरियाणा को हराकर आर्यावर्त की टीम ने 43 वें जूनियर नेशनल बालिका हैंडबॉल की ट्रॉफी पर कब्जा किया।

भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष डॉ.आनंदेश्वर पांडेय ने मुख्य अतिथि के साथ विजेता व उपविजेता टीमों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर भारतीय हैंडबॉल के कोषाध्यक्ष विनय सिंह,जिला ओलंपिक संघ के प्रमुख रजत आदित्य दीक्षित,उप निदेशक खेल मुद्रिका पाठक, नितिन टंडन, गुजरात हैंडबॉल के सचिव प्रवीण कुमार, भारतीय टीम के कोच महेंद्र सिंह,सत्येन्द्र श्रीवास्तव, साधना मिश्रा,उप्र सीनियर हैंडबॉल टीम के कप्तान अर्पित यादव आदि उपस्थित रहे।

 

मेट्रो ट्रेनों को खड़ा करने के लिए पटरियां बिछाने का काम शुरू   

कानपुर : मेट्रो के गीतानगर डिपो में आने वाली ट्रेनों को खड़ा करने के लिए पटरियां बिछने लगी हैं। इस डिपो को फिलहाल 29 मेट्रो खड़ी करने के लिए तैयार किया जा रहा है।मेट्रो के गीता नगर डिपो को सबसे ज्यादा तेजी से तैयार किया जा रहा है क्योंकि यहां से आइआइटी से नौबस्ता तक की पूरी मेट्रो का संचालन होना है। इसके साथ ही जब सितंबर में यहां पहली मेट्रो ट्रेन आएगी तो उससे पहले ही इसे पूरा कर लेना है। एक तरफ मेट्रो इस डिपो में मेट्रो के अंदर आने और बाहर जाने के लिए स्लोप तैयार कर रहा है। वहीं इस पूरे खुले मैदान में मेट्रो ट्रेनों को खड़ा करने के लिए पटरियां बिछाई जा रही हैं।

फिलहाल आइआइटी से मोतीझील के बीच नौ मेट्रो चलाई जानी हैं लेकिन जब यह रूट पूरा नौबस्ता तक चालू हो जाएगा तो इसमें 29 मेट्रो चलेंगी और इन सभी को रात में यहीं खड़ी करना होगा। अभी तक मेट्रो की जो पटरियां आई हैं वे डिपो में ट्रेन खड़ी करने के लिए हैं। इसके साथ ही जिस हिस्से में मेट्रो की चेकिंग होगी,वहां तक उसे ले जाने के लिए भी ट्रैक को बिछाया जा रहा है। अभी मेट्रो के रूट के लिए पटरी नहीं आई हैं।

 

एक लाख रुपये के इनामी अपराधी को पनाह देने वालों के खिलाफ दर्ज होगा मुकदमा 

कानपुर : पिछले दिनों एसटीएफ की गिरफ्त में आए एक लाख रुपये के इनामी अपराधी विक्की सोनी को सवा साल तक पनाह देने वाले भी जेल की सलाखों के पीछे भेजे जाएंगे। एसटीएफ ने विक्की से पूछताछ के आधार पर फतेहपुर व कानपुर देहात के कुछ व्यक्तियों की जानकारी जुटाई है। उनके खिलाफ पुख्ता सुबूत जुटाए जा रहे हैं।

नौबस्ता में पांच वर्ष पूर्व हत्या के एक मामले में गिरफ्तार करके विक्की सोनी को जेल भेजा गया था,लेकिन तीन अक्टूबर 2019 को वह कचहरी में पेशी के बाद पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने उसे फरार कराने वाले उसके दो भाइयों व दो दोस्तों को जेल भेजा था। साथ ही अधिकारियों ने विक्की के ऊपर एक लाख रुपये का इनाम घोषित करके कुर्की की कार्रवाई भी की थी। पिछले दिनों एसटीएफ ने विक्की को पनकी में मुठभेड़ के दौरान घायलावस्था में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उसके खिलाफ पुलिस मुठभेड़ व आर्म्स एक्ट का मुकदमा भी दर्ज किया गया था। शहर में जूही लाल कालोनी में एक शातिर अपराधी,नौबस्ता निवासी सपा नेता रामजी,बिधनू के द्विवेदी पेट्रोल पंप के मालिक के बेट के संपर्क में होने और कचहरी से फरार होने में मददगार थे।

मामले में जुआ की फड़ चलाने वाला सपा नेता जेल भी गया था। सूत्रों के मुताबिक अब एसटीएफ विक्की को सवा साल तक पनाह देने वालों की तलाश में भी जुटी है। जेल में विक्की से पूछताछ में पुलिस को फतेहपुर के उसके कुछ रिश्तेदारों व कानपुर देहात के कुछ दोस्तों का पता लगा है। कोतवाली थाना प्रभारी रणबहादुर सिंह ने बताया कि सुबूत मिलने के बाद उन व्यक्तियों के खिलाफ अपराधी को शरण देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

कोरोना की दूसरी लहर में कोमॉर्बिड लोगों को अधिक खतरा  

कानपुर : कोरोना की दूसरी लहर में कोमॉर्बिड लोगों को अधिक खतरा है। 12 कोरोना संक्रमित रोगियों की डेथ ऑडिट में यही बात सामने आई है। ये रोगी बहुत गंभीर हालत में आए थे। इनका आक्सीजन सेच्युरेशन 40 और 50 के आसपास था। इतने कम आक्सीजन सेच्युरेशन को खतरनाक माना जाता है। इसके अलावा एक मरीज को छोड़कर बाकी सभी मरने वाले कोमॉर्बिड रहे हैं। उन्हें पहले से गंभीर बीमारी रही है और बाद में हुआ कोरोना संक्रमण मौत की वजह बन गया।

जीएसवीएम मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. आरबी कमल का कहना है कि इस बार संक्रमितों का संक्रमण लेवल बढ़ा हुआ मिल रहा है। हैलट के मैटरनिटी कोविड विंग के प्रभारी डॉ.सौरभ अग्रवाल का कहना है कि 45 साल से अधिक आयु के लोग वैक्सीन जरूर लगवा लें। इसके साथ ही कोविड गाइडलाइन के प्रोटोकॉल का पालन करें।

लोन पर ब्याज पेनाल्टी मिलाकर कंपनी पर साढ़े सात हजार करोड़ की देनदारी  

कानपुर : लक्ष्मी काॅटसिन मिल पर संपत्ति से छह गुना अधिक लोन है। संपत्ति की कीमत महज साढ़े पांच सौ करोड़ आंकी गई है जबकि उस पर तीन हजार से अधिक का लोन है। अब यह कंपनी नीलामी की कगार पर खड़ी है। नोएडा यूनिट नीलाम हो चुकी है। इसके बाद कानपुर समेत अन्य पांच यूनिटों की बारी है। लोन पर ब्याज व पेनाल्टी मिलाकर कंपनी पर साढ़े सात हजार करोड़ की देनदारी बन रही है।कंपनी की संपत्ति से कई गुना अधिक लोन होने से बैंक पर भी सवालिया निशान लग रहे हैं। सवाल यह उठता है कि आंकी गई संपत्ति से इतना अधिक लोन उन्होंने किस आधार पर दिया था। किसी भी मिल व कंपनी को कैश क्रेडिट व टर्म लोन समेत अन्य मदों में ऋण प्रदान किया जाता है। इस कंपनी को भी इन्हीं मदों में ऋण दिया गया था। हाल ही में कंपनी के विलय के लिए वेलस्पन और ट्राइजेंट ने रुचि दिखाई थी

लेकिन जब उन्होंने कंपनी की अचल संपत्ति का मुआयना किया तो उसकी कीमत बहुत कम आंकी। ऐसे में कंपनियों ने अपने हाथ खड़े कर दिए।इन दोनों बड़ी कंपनियों के बाद मिल की हालत देखकर कोई भी कंपनी इसके विलय को लेकर आगे नहीं आई। नेशनल कंपनी ला  ट्रिब्यूनल ष्एनसीएलटीष् ने इस कंपनी की विभिन्न संपत्तियों को अलग.अलग बेचने की अनुमति दी। पांच महीने गुजरने के बाद जब किसी भी कंपनी के खरीदार को लेकर कोई बड़ी कंपनी सामने नहीं आई तो एनसीएलटी ने इसकी नीलामी के आदेश दिए जिसके बाद नीलामी की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.