
KGMU के डॉ. अजय पटवा को अंतर्राष्ट्रीय शोध मंच पर सम्मान, AASLD में चयन बना उपलब्धि
राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) ने एक बार फिर शोध और चिकित्सा उत्कृष्टता का परचम लहराया है। विश्वविद्यालय के जाने-माने चिकित्सक डॉ. अजय पटवा को चिकित्सा एवं वैज्ञानिक शोध के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया है।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान
डॉ. पटवा का शोध हाल ही में अमेरिका के प्रतिष्ठित संगठन American Association for the Study of Liver Diseases (AASLD) की बैठक के लिए चयनित हुआ। यह चयन इस बात का प्रमाण है कि उनका वैज्ञानिक कार्य न केवल भारत बल्कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय द्वारा भी सराहा जा रहा है।
समाज ने किया सम्मानित
डॉ. अजय पटवा को यह सम्मान अखिल भारतीय पटवा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद पटवा और महामंत्री अशोक पटवा ने उनके निवास पर पहुंचकर प्रदान किया।
समारोह में डॉ. पटवा को माल्यार्पण, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. पटवा ने कठिन परिश्रम, लगन और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के बल पर न सिर्फ KGMU का बल्कि पटवा समाज का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उनका यह सम्मान युवा चिकित्सकों तथा समाज के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में मौजूद रहे समाज के लोग
सम्मान समारोह में पटवा समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें—
निधि पटवा, धर्मेश पटवा, दीपक पटवा, मनीष पटवा, उपेंद्र पटवा, धर्मेंद्र पटवा और अवनीश पटवा शामिल थे।