diwali horizontal

कबड्डी प्रतियोगिता खरेला ने हमीरपुर को हराकर जीती ट्रॉफी

हमीरपुर LIVE 25/10/25

0 51

कबड्डी प्रतियोगिता खरेला ने हमीरपुर को हराकर जीती ट्रॉफी

( सिटीजन वॉयस: हमीरपुर संवाददाता: सैय्यद जामिन)
मुस्करा: हमीरपुर:  बिहूनी के खेल मैदान में आयोजित बुंदेलखंड कबड्डी प्रतियोगिता का आज शानदार समापन हो गया। क्षेत्र की प्रतिष्ठित टीमों के बीच हुए कड़े मुकाबलों के बाद, खरेला की टीम ने फाइनल में हमीरपुर को 28 अंकों के बड़े अंतर से हराकर विजेता शील्ड अपने नाम कर ली। खरेला टीम के कप्तान कुलदीप कुशवाहा को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।प्रतियोगिता का रोमांच सेमीफाइनल मुकाबलों से ही चरम पर था। पहले सेमीफाइनल में खरेला का मुकाबला मेजबान बिहूनी की टीम से हुआ, जिसमें खरेला ने 23 अंकों से प्रभावशाली जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

दूसरा सेमीफाइनल राठ और हमीरपुर के बीच खेला गया, जो बेहद कांटे का और सांसें रोक देने वाला रहा। इस कड़े मुकाबले में हमीरपुर ने राठ को मात्र 2 अंकों के करीबी अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
खरेला का फाइनल में दबदबा
बॉक्स :- फाइनल महामुकाबला देखने के लिए मैदान पर सैकड़ों की संख्या में दर्शक मौजूद थे। खरेला और हमीरपुर के बीच हुए इस खिताबी मुकाबले में, खरेला के खिलाड़ियों ने शुरू से ही अपना दबदबा बनाए रखा। बेहतरीन रेड और मजबूत डिफेंस के दम पर खरेला ने हमीरपुर को कोई मौका नहीं दिया और अंततः 28 अंकों से शानदार जीत दर्ज की।
पुरस्कार वितरण समारोह
बॉक्स :- मैच के समापन के बाद मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार वितरण किया गया।विजेता टीम खरेला के कप्तान कुलदीप कुशवाहा को डॉ. अजीत राजपूत और विवेक राजपूत द्वारा 5100 रुपये नकद और विजेता शील्ड देकर सम्मानित किया गया। उपविजेता टीम (हमीरपुर): कप्तान प्रमोद कुमार को संदीप राजपूत और निर्दोष कोटेदार द्वारा 2500 रुपये नकद और उपविजेता शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत!

सुमेरपुर:हमीरपुर:  थाना सुमेरपुर क्षेत्र के ग्राम कुंडौरा के पास गुरुवार शाम एक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को करीब शाम 5 बजे एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार कुलदीप यादव (उम्र लगभग 29 वर्ष), पुत्र हरि नारायण यादव, निवासी बेलाही बाजार दूध डेरी रोड थाना सुमेरपुर, गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना मिलते ही थाना सुमेरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से घायल युवक को उपचार हेतु जिला अस्पताल हमीरपुर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस हमीरपुर में रखवाया है। फिलहाल अज्ञात वाहन की तलाश और आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।

खेत में तुलसी कटवा रही छात्रा की सांप के काटने से मौत

राठ: हमीरपुर:चाचा चाची के साथ खेत पर तुलसी की फसल कटवा रही आठवीं की छात्रा की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। जरिया थाने के उमरिया गांव निवासी गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे वह खेत में तुलसी की फसल कटवा रहे थे। साथ में उसकी पत्नी रीमा व 14 वर्षीय भतीजी वैष्णवी पुत्री उदेश राजपूत भी तुलसी कटवा रही थी।

 

बताया उसी दौरान भतीजी को जहरीले सांप ने काट लिया। आनन-फानन में झाड़-फूंक के लिए कछवा कलां गांव ले गए। हालत में सुधार न होने पर शाम करीब चार बजे पनवाड़ी ले गए। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया है। मृतक के चाचा ने बताया कि भतीजी नंदना गांव में स्थित एक विद्यालय में कक्षा आठवीं की छात्रा थी। मृतका अपने पीछे एक बड़ा भाई अंकित राजपूत छोड़ गई है। पिता के पास चार बीघा जमीन है। खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। थानाध्यक्ष जरिया मयंक चंदेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रभारी मंत्री ने पत्रकारों के साथ की प्रेस वार्ता: सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर भाजपा चलाएगी कार्यक्रम

हमीरपुर:  प्रभारी जनपद हमीरपुर जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने निरीक्षण भवन में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रतीक भारत रत्न लौहपुरुष वल्लभभाई पटेल जी के 150 वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में “सरदार 150 वीं यूनिटी मार्च अभियान” के संबंध में पत्रकार वार्ता की। प्रेस वार्ता जिलाध्यक्ष सुनील पाठक जिला प्रभारी देवेश कुमार की उपस्थित में की गई। जिला मीडिया प्रभारी अरविंद श्रीवास्तव ने जानकारी दी की इस प्रेस वार्ता में मुख्य वक्ता प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती के उपलक्ष में भारतीय जनता पार्टी के द्वारा आगामी कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी की सरदार वल्लभभाई पटेल का जन्म 31 अक्टूबर 1875 में हुआ था यह एक भारतीय वकील स्वतंत्रता सेनानी और राजनीतिक थे वह भारत के पहले उप प्रधानमंत्री और गृहमंत्री बने

और उन्होंने लोह पुरुष के रूप में देश के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई उन्होंने 552 से अधिक रियासतों को भारत संघ में शामिल करने में सफलता प्राप्त की भारत की ऐसी महान विभूति एवं प्रेरणा स्रोत की जयंती बड़े ही उत्साह के साथ मनाई जाएगी एवं आगे उनकी जयंती पर पार्टी कार्यक्रम भी चलाएगी  इस कार्यक्रम में हमीरपुर सदर विधायक डॉ मनोज प्रजापति,राठ विधायक मनीषा अनुरागी,जिला महामंत्री रामदास सुदर्शन लक्ष्मी रतन साहू उपस्थित रहे।

कृषि प्रौद्योगिकी केन्द्र कुरारा का निरीक्षण एवं बैठक सम्पन्न

हमीरपुर:हमीरपुर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना कुरारा क्षेत्रान्तर्गत कृषि प्रौद्योगिकी केन्द्र में बैठक कर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केन्द्र पर संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, तकनीकी सहायता एवं किसानों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का विस्तृत अवलोकन किया गया। बैठक में उपस्थित कृषि विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्रीय किसानों से संवाद स्थापित करते हुए जिलाधिकारी ने केन्द्र की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की तथा किसानों की आय वृद्धि हेतु आधुनिक तकनीकों एवं योजनाओं के अधिकतम प्रचार-प्रसार पर बल दिया। जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद एवं तकनीकी परामर्श समय से उपलब्ध कराया जाए तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित किया जाए।

पुलिस अधीक्षक हमीरपुर द्वारा क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए तथा अधिकारियों को सहयोगात्मक कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। निरीक्षण एवं बैठक के दौरान अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
Leave A Reply

Your email address will not be published.