diwali horizontal

कृष्णानगर पुलिस ने टप्पेबाजी की वारदात का किया खुलासा, दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, बुजुर्ग महिला से छीनी गई सोने की चेन और स्कूटी बरामद

0 48

कृष्णानगर पुलिस ने टप्पेबाजी की वारदात का किया खुलासा, दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, बुजुर्ग महिला से छीनी गई सोने की चेन और स्कूटी बरामद

लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के थाना कृष्णानगर की पुलिस टीम ने टप्पेबाजी की एक वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर टप्पेबाजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से धोखे से छीनी गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्कूटी बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्त लंबे समय से शहर के विभिन्न इलाकों में बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।थाना कृष्णानगर पुलिस ने यह सफलता पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन और निरीक्षक के नेतृत्व में गठित विशेष टीम की तत्परता से हासिल की। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने दोनों अभियुक्तों को गंगाखेड़ा रेलवे अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इमरान उर्फ मुन्ना पुत्र जमील अहमद निवासी शाहपुर भमरौली फाटक, दुबग्गा, लखनऊ तथा कल्लू उर्फ राजू पुत्र राज कुमार उर्फ मुन्ना पेंटर निवासी कृष्ण बिहार मायावती कॉलोनी, इंदिरानगर, लखनऊ (वर्तमान में शाहपुर भमरौली फाटक, दुबग्गा) के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 25 वर्ष है और ये दोनों कबाड़ की फेरी का काम करते हैं।अभियुक्तों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वे कबाड़ फेरी के बहाने रिहायशी इलाकों में घूमते हैं और सुनसान जगहों या गलियों में अकेले जा रही बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते हैं। वे पुलिस चेकिंग का डर दिखाकर महिलाओं से कहते हैं कि सामने चेकिंग चल रही है, अपने गहने रूमाल में रख लो। जैसे ही महिला गहने रूमाल में रखती है, वे दूसरा रूमाल बदलकर धोखे से गहने लेकर फरार हो जाते हैं। वारदात के बाद वे रास्ते में कपड़े बदल लेते हैं ताकि पुलिस उन्हें पहचान न सके।यह गिरफ्तारी 9 नवम्बर 2025 को दर्ज एक मामले के सिलसिले में की गई, जिसमें दुर्गेश पांडेय निवासी एलडीए कॉलोनी, सेक्टर सी-1, कानपुर रोड, लखनऊ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सेक्टर डी, नेशनल पब्लिक स्कूल मोड़ के पास स्कूटी सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी मां से सोने की चेन ठग ली। इस मामले में थाना कृष्णानगर में मु.अ.सं. 0522/2025 धारा 303(2)/318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस टीम ने मुकदमे के खुलासे के लिए चार अलग-अलग टीमों का गठन किया था, जिन्होंने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर दोनों अभियुक्तों की पहचान की। इसके बाद उन्हें गंगाखेड़ा रेलवे अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।अभियुक्त इमरान उर्फ मुन्ना के विरुद्ध लखनऊ के विभिन्न थानों में कुल 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट और घर में घुसपैठ जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। वहीं, कल्लू उर्फ राजू के खिलाफ कुल 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें लूट, चोरी, हथियार अधिनियम व धोखाधड़ी के मामले शामिल हैं। दोनों अभियुक्त पूर्व में जेल जा चुके हैं और हाल ही में जमानत पर बाहर आए थे।गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से एक सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्कूटी (चेचिस नंबर MD626EG46J3C11065) बरामद की। स्कूटी के दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर उसे एमवी एक्ट की धारा 207 के अंतर्गत सीज किया गया है।कृष्णानगर पुलिस की इस सराहनीय सफलता पर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने पूरी टीम को 15 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है। इस कार्रवाई से पुलिस ने न केवल एक संगठित टप्पेबाज गिरोह का भंडाफोड़ किया है, बल्कि बुजुर्ग नागरिकों को ठगने वाले इन अपराधियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में राहत की भावना भी बढ़ी है।फिलहाल पुलिस दोनों अभियुक्तों से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि इनके अन्य साथियों और पुराने मामलों की जानकारी जुटाई जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.