diwali horizontal

कुशीनगर: शीतलहर में एक्शन मोड में डीएम महेंद्र सिंह तंवर, रैन बसेरों और अलाव स्थलों का औचक निरीक्षण

0 60

कुशीनगर: शीतलहर में एक्शन मोड में डीएम महेंद्र सिंह तंवर, रैन बसेरों और अलाव स्थलों का औचक निरीक्षण

पडरौना (कुशीनगर): जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए कुशीनगर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर शनिवार को पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने प्रशासनिक अमले के साथ पडरौना शहर के विभिन्न रैन बसेरों और अलाव स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर खुले आसमान के नीचे रात गुजार रहे असहायों, मजदूरों और जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए।

रैन बसेरों और अलाव स्थलों का निरीक्षण

जिलाधिकारी ने पडरौना रेलवे स्टेशन, सुभाष चौक और तिलक चौक का भ्रमण कर अलाव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रैन बसेरों में ठहरे लोगों से सीधे संवाद कर भोजन, पेयजल, बिस्तर और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैन बसेरों में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

“कोई भी ठंड में असहाय न रहे”

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले में कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण असुरक्षित न रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से अलाव जलाए जाएं। अलाव के लिए लकड़ी की आपूर्ति में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता यह है कि ठंड के इस मौसम में समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति भी सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से रात गुजार सके।

अधिकारी रहे मौजूद

इस औचक निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी (BDO), नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी को निर्देश दिए कि शीतलहर के दौरान राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.