
लखनऊ: अमीरूद्दौला इस्लामिया इंटर कॉलेज में वार्षिक समारोह सम्पन्न, न्यायमूर्ति ब्रिज राज सिंह रहे मुख्य अतिथि
लखनऊ: अमीरूद्दौला इस्लामिया इंटर कॉलेज में वार्षिक समारोह सम्पन्न, न्यायमूर्ति ब्रिज राज सिंह रहे मुख्य अतिथि
लखनऊ: राजधानी के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान अमीरूद्दौला इस्लामिया इंटर कॉलेज, लालबाग में सोमवार को वार्षिक समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ पवित्र कुरआन की तिलावत के साथ हुआ, जिसने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।
मुख्य अतिथियों का आगमन और स्वागत
समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में इलाहाबाद हाईकोर्ट (लखनऊ बेंच) के माननीय न्यायमूर्ति ब्रिज राज सिंह उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के तौर पर पूर्व न्यायमूर्ति अब्दुल मतीन ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
विद्यालय की प्रबन्ध समिति के प्रबन्धक ख़लीक़ अहमद खां (एडवोकेट) और अध्यक्ष मसूद आलम जीलानी ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम में कालेज के प्राइमरी एवं इंटर सेक्शन के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
-
राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत गीतों ने सभागार में उत्साह भर दिया।
-
उर्दू साहित्य की लोकप्रिय विधा बैतबाज़ी और सामाजिक संदेश पर आधारित नाटकों को दर्शकों ने खूब सराहा।
-
छात्रों ने क्वीज़ प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।
अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
वार्षिक प्रगति रिपोर्ट और सम्मान
कालेज के प्रधानाचार्य डा0 (मेजर) जमाल मो० खां ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं खिलाड़ियों ने जिला, प्रांतीय और राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया है। इस अवसर पर मेधावी छात्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
प्रबन्धक ख़लीक़ अहमद खां ने कॉलेज के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया। वहीं अध्यक्ष मसूद आलम जीलानी ने सफल आयोजन के लिए समस्त स्टाफ और अभिभावकों को धन्यवाद दिया।
गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष सदरे हबीब (एडवोकेट), सहायक प्रबन्धक इन्तेख़ाब आलम जीलानी, डिग्री कॉलेज के प्रबन्धक नजम ज़फ़र जीलानी, अब्दुल्ला ज़मीर, सै० कफील अहमद, कमाल अहमद, महमूद अहमद सिद्दीकी, अय्यूब उल्लाह खां सहित शहर की अनेक जानी-मानी हस्तियां उपस्थित रहीं।