
लखनऊ: वृद्धा से चेन लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार, अवैध असलहे और लूटी गई चेन बरामद
लखनऊ: वृद्धा से चेन लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार, अवैध असलहे और लूटी गई चेन बरामद
लखनऊ: के पीजीआई थाना क्षेत्र में एक वृद्ध महिला से चेन लूटने की घटना को अंजाम देने वाले तीन शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी उस वक्त हुई जब थाना पीजीआई की पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए बरौली क्रॉसिंग के पास रेलवे ओवरब्रिज के नीचे दबिश देकर तीनों आरोपियों को घेरकर पकड़ा। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान सुमित चौहान निवासी नेपालगंज, विकास उर्फ कुल्हड़ निवासी तेलीबाग और आयुष शाक्य निवासी डिफेंस कॉलोनी, तेलीबाग के रूप में हुई है। इन सभी की उम्र 20 से 21 वर्ष के बीच है।पुलिस को मौके से महिला से छीना गया एक पीली धातु का लॉकेट और चार गुरिया बरामद हुए हैं। साथ ही तीन अवैध देशी तमंचे (.12 बोर और .315 बोर) और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पकड़े गए तीनों अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में भी लूट और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं, और वे पहले भी जेल जा चुके हैं।यह घटना 10 मई की शाम की है, जब वृंदावन कॉलोनी निवासी माधवी देवी अपने घर के बाहर बैठी थीं। तभी एक युवक अचानक आकर उनकी चेन छीनकर भाग गया। अगले दिन उनके बेटे मोहन सिंह द्वारा दी गई तहरीर पर थाना पीजीआई में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल व तकनीकी साक्ष्यों की सहायता से त्वरित कार्रवाई की और गैंग को पकड़ने में सफलता पाई।पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे योजनाबद्ध तरीके से गिरोह बनाकर ऐसे स्थानों की रैकी करते थे, जहां वृद्ध या महिलाएं अकेली मिलें। मौका मिलते ही छीना-झपटी और लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते थे और लूट का सामान आपस में बांट लेते थे।गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना पीजीआई में मु.अ.सं. 208/2025, धारा 309(4)/317(2) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मामले का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को पुलिस उपायुक्त दक्षिणी द्वारा 10,000 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया है।फिलहाल सभी आरोपियों से आगे की पूछताछ की जा रही है और पुलिस इनके अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह से सामान्य है।