
लखनऊ: नगर निगम ने ग्राम खरिका में अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की, सरकारी भूमि मुक्त
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ द्वारा सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराए जाने के अभियान के तहत मंगलवार को ग्राम खरिका, तहसील सरोजनी नगर में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई संपन्न हुई। इस कार्यवाही का निर्देशन नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार और अपर नगर आयुक्त नम्रता सिंह ने किया।नगर निगम के प्रभारी अधिकारी (सम्पत्ति) श्री रामेश्वर प्रसाद और तहसीलदार श्री अरविन्द कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम मौके पर पहुंची, जिसमें नायब तहसीलदार श्री तेजस्वी प्रकाश त्रिपाठी, राजस्व निरीक्षक श्री प्रदीप गिरी और लेखपाल श्री रमेश राम भी शामिल रहे। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए थाना पीजीआई से पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया।अभियान के दौरान सरकारी भूमि पर अस्थायी दुकानों और अन्य ढांचों के रूप में किए गए अवैध कब्जों को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त किया गया। कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध किया, लेकिन अधिकारियों और पुलिस की समझाइश के चलते कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई।इस कार्रवाई के अंतर्गत ग्राम खरिका में खसरा संख्या-535 (0.0126 हेक्टेयर बंजर भूमि) और खसरा संख्या-242 (0.0170 हेक्टेयर नाली खातें की भूमि) को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। कुल मिलाकर 0.0296 हेक्टेयर (लगभग 296 वर्गमीटर) की सरकारी भूमि मुक्त हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1.50 करोड़ रुपये आंकी गई है।नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि यह कदम न केवल सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के लिए अहम है, बल्कि शहर के नियोजित विकास के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कब्जाधारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।अपर नगर आयुक्त नम्रता सिंह ने कहा कि ग्राम खरिका में सफलतापूर्वक पूरी की गई कार्रवाई से यह संदेश गया है कि प्रशासन की प्राथमिकता सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना और अवैध कब्जों पर सख्ती से अंकुश लगाना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस प्रकार की अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगी।
