
लखनऊ पुलिस को बड़ी कामयाबी, ट्रैक्टर चोरी करने वाले दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, ट्रैक्टर और स्विफ्ट डिजायर कार बरामद
लखनऊ पुलिस को बड़ी कामयाबी, ट्रैक्टर चोरी करने वाले दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, ट्रैक्टर और स्विफ्ट डिजायर कार बरामद
लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पश्चिमी जोन में थाना पारा पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने ट्रैक्टर चोरी की बड़ी घटना का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी गया महिन्द्रा ट्रैक्टर और घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार बरामद कर ली है। इस सफलता से क्षेत्र में ट्रैक्टर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।घटना के संबंध में जानकारी मिली कि 21 अगस्त 2025 को रामपुर सलेमपुर पतौरा निवासी रिहान ने थाना पारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर चोरी हो गया। सूचना मिलने पर थाना पारा पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक थाना पारा ने अभियोग का सफल अनावरण करने के लिए विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस सेल पश्चिमी जोन की टीम के सहयोग से दिन-रात प्रयास कर आखिरकार 12 सितंबर 2025 को चोरी गया ट्रैक्टर और स्विफ्ट डिजायर कार बरामद कर ली।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मनीष कुमार पुत्र राजबहादुर निवासी ग्राम अलादादपुर नेवादा, थाना कासिमपुर, जनपद हरदोई तथा अनुज कुमार वर्मा पुत्र सत्यपाल निवासी ग्राम भगौनापुर अयारी, थाना मंजिला, जनपद हरदोई के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्तों को पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मुकदमे में अतिरिक्त धाराएँ जोड़ते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।बरामद ट्रैक्टर महिन्द्रा 265 एचपी, लाल रंग का, नंबर UP32 PV 5069 है, जबकि घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार नंबर UP32 VN 9414 है। ट्रैक्टर के चेचिस नंबर MBNGAACDARRC13596 तथा इंजन नंबर RRB4VDN2774 बताया गया है।थाना पारा पुलिस की टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह, उपनिरीक्षक मोहित भाटी, उपनिरीक्षक कुलदीप भाटी, उपनिरीक्षक बोबी चन्देला शामिल रहे। वहीं सर्विलांस सेल पश्चिमी जोन की टीम में उपनिरीक्षक आशीष बालियान, उपनिरीक्षक अंकित कुमार, हेड कांस्टेबल वीर सिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीप तिवारी और कांस्टेबल आशीष कुशवाहा ने सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही कांस्टेबल बादल ने भी गिरफ्तारी में सहयोग किया।पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों को संदेश मिलेगा कि किसी भी प्रकार की चोरी की घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस टीम की सतर्कता और तकनीकी सहयोग से इस मामले का खुलासा संभव हुआ।
