
लखनऊ पुलिस ने महिला यात्री के साथ अभद्रता करने वाले रैपिडो चालक को गिरफ्तार किया
लखनऊ: महिला सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए चलाए जा रहे “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के तहत लखनऊ पुलिस ने रैपिडो कैब चालक राहुल अग्निहोत्री को गिरफ्तार किया। आरोपी पर आरोप है कि उसने एक महिला यात्री के साथ अभद्रता की और उसे गलत मार्ग पर ले जाने का प्रयास किया।घटना 8 अक्टूबर की रात लगभग 10 बजे की है। पीड़िता ने रैपिडो ऐप के माध्यम से लखनऊ यूनिवर्सिटी से सुशांत गोल्फ सिटी के लिए कैब बुक की थी। यात्रा के दौरान चालक ने जानबूझकर महिला को गलत रास्ते पर ले जाना शुरू किया। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने अभद्रतापूर्ण व्यवहार किया और राइड पूरी किए बिना विवेकानंद अस्पताल के पास महिला को छोड़कर फरार हो गया।पीड़िता ने 9 अक्टूबर को थाना महानगर में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद लखनऊ पुलिस की “मिशन शक्ति” टीम ने तुरंत जांच शुरू की। टीम ने ई-चालान ऐप के माध्यम से वाहन का विवरण प्राप्त कर चालक को पूछताछ के लिए थाना बुलाया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने उग्रता दिखाते हुए झगड़े पर उतारू व्यवहार किया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया।लखनऊ पुलिस ने बताया कि आरोपी राहुल अग्निहोत्री, 38 वर्षीय, निवासी एकतानगर, थाना पीजीआई, लखनऊ है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने और इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए “मिशन शक्ति 5.0” अभियान लगातार सक्रिय रहेगा और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
