
लखनऊ: इंदिरानगर सेक्टर-8 में रिकवरी एजेंट का खून से लथपथ शव मिला, परिवार ने हत्या का आरोप लगाया
लखनऊ: लखनऊ के इंदिरा नगर सेक्टर-8 क्षेत्र में बुधवार देर रात एक रिकवरी एजेंट का शव संदिग्ध हालत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 24 वर्षीय शशि प्रकाश उपाध्याय के रूप में हुई है, जो इंदिरा नगर सेक्टर-8, रघुराजनगर में किराए पर रहते थे।
घटनाक्रम के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे शशि प्रकाश के पास किसी का फोन आया, जिसके बाद वह टहलने के लिए घर से बाहर निकल गए। देर रात परिजनों को पुलिस से सूचना मिली कि शशि की तबीयत बिगड़ गई है और उन्हें लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब परिवार अस्पताल पहुँचा, तो उन्हें शशि की मौत की जानकारी दी गई।
परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के भाई रवि का कहना है कि आसपास के लोगों से जानकारी मिली है कि कुछ लोग शशि को पीट रहे थे। शव की हालत देखकर परिवार का आरोप है कि शशि की पीट-पीटकर हत्या की गई है।
गाजीपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
