
लखनऊ: सफाईकर्मी गीता की नेवले के काटने से दर्दनाक मौत, नगर निगम ने परिजनों को दी एक लाख की सहायता
लखनऊ: नगर निगम परिवार अपनी समर्पित सफाई कर्मचारी गीता (45 वर्ष) के आकस्मिक निधन से शोकाकुल है। वसीरतगंज-गणेशगंज क्षेत्र में तैनात गीता की बीते दिन ड्यूटी के दौरान असामान्य और दर्दनाक हादसे में जान चली गई। जानकारी के अनुसार शीतल धर्मशाला के पास सफाई कार्य करते समय अचानक एक नेवले ने उन्हें काट लिया, जिससे उनकी स्थिति गंभीर हो गई और उनकी मृत्यु हो गई।इस घटना से नगर निगम के समस्त कर्मचारी और अधिकारी स्तब्ध हैं। दिवंगत गीता के परिजनों से मिलकर अपर नगर आयुक्त एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया। अधिकारियों ने मृतका की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में नगर निगम परिजनों के साथ खड़ा है।साथ ही नगर निगम प्रशासन ने संबंधित कार्यदाई संस्था को निर्देशित किया है कि कर्मचारी की ईपीएफ और ईएसआईसी संबंधी औपचारिकताएं तत्काल पूरी की जाएं, ताकि परिवार को निर्धारित लाभ शीघ्र मिल सके।नगर निगम ने कहा है कि वह अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशील है। गीता के निधन ने पूरे निगम परिवार को गहरे दुःख में डाल दिया है, लेकिन इस कठिन समय में संस्था हर स्तर पर उनके परिवार को सहयोग और सहारा देने के लिए तत्पर है।
