
लखनऊ: महिला का मोबाइल छीनने वाले दो शातिर अभियुक्त गिरफ्तार, चोरी की बाइक और iPhone बरामद
लखनऊ: थाना कृष्णानगर पुलिस ने मोबाइल लूट की एक वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों के कब्जे से पीड़िता का आईफोन और वारदात में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।जानकारी के अनुसार, घटना 3 जुलाई 2025 की है जब एक महिला डॉ. जया श्रावणि दोनेपूडि, जो मूलतः हैदराबाद की निवासी हैं और वर्तमान में लखनऊ के गोमतीनगर स्थित फकल्टी रेजीडेंसी में रह रही हैं, अवध चौराहे की ओर पैदल जा रही थीं। इस दौरान अपोलो अस्पताल के पास बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
पीड़िता की शिकायत पर थाना कृष्णानगर में एफआईआर संख्या 318/2025 दर्ज की गई और दो टीमें त्वरित जांच के लिए गठित की गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों अभियुक्तों को 4 जुलाई को लोकबंधु अस्पताल से स्काई हिल्टन की ओर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रोशन कुमार पुत्र प्रमोद कुमार (मूल निवासी पलामू, झारखंड; हाल निवासी अमौसी, लखनऊ) और ईशान गुप्ता पुत्र शिवपाल गुप्ता (निवासी हरदोई) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने 1 जुलाई को सरोजनीनगर से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी की थी और उसी से 3 जुलाई को मोबाइल छीना था।पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्त सूनसान रास्तों पर रैकी कर मोबाइल और चैन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। छीना गया मोबाइल फोन चारबाग में बेचने के इरादे से ले जाया जा रहा था, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना सरोजनीनगर और कृष्णानगर में दर्ज दो मुकदमों का अनावरण हो चुका हैबरामद सामग्री में एक आईफोन और चोरी की स्प्लेंडर बाइक (UP32FE5240) शामिल है।इस पूरी कार्रवाई को कोतवाली कृष्णानगर की पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियुक्तों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। साथ ही अन्य संभावित वारदातों की कड़ी से कड़ी जोड़ी जा रही है।कमिश्नरेट लखनऊ की यह कार्रवाई महिलाओं की सुरक्षा और शहर में बढ़ रही मोबाइल लूट की घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
