diwali horizontal

लखनऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मड़ियांव से 3 शातिर गिरफ्तार, 11 बंडल कॉपर तार बरामद

0 74

लखनऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मड़ियांव से 3 शातिर गिरफ्तार, 11 बंडल कॉपर तार बरामद

लखनऊ: राजधानी की मड़ियांव पुलिस ने गुरुवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 11 बंडल इलेक्ट्रॉनिक कॉपर तार बरामद हुए हैं, जिन्हें वे धोखाधड़ी से हासिल कर बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने इनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अदालत में पेश किया है।मामला बुधवार को सामने आया था जब धर्मा इंटरप्राइजेज, आईआईएम रोड के संचालक विमलेश मिश्रा ने थाना मड़ियांव में शिकायत दर्ज कराई। उनके अनुसार, अज्ञात व्यक्तियों ने वाट्सएप पर पर्चा भेजकर ऑर्डर बुक किया और क्यूआर कोड के जरिए आंशिक भुगतान दिखाया, लेकिन वास्तविक भुगतान प्राप्त नहीं हुआ। इसके बावजूद सामान पोर्टल के माध्यम से उनकी दुकान से मंगवा लिया गया। इस धोखाधड़ी के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।गुरुवार को मड़ियांव पुलिस टीम भिठौली तिराहे पर गश्त कर रही थी कि मुखबिर से सूचना मिली कि सीतापुर रोड पर कोयला ढलान के पास तीन युवक प्लास्टिक की बोरी में महंगे कॉपर तारों के बंडल लेकर खड़े हैं और उन्हें बेचने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान सुंदरम उर्फ सतीश (22 वर्ष), ऋषि कुमार गुप्ता (35 वर्ष) और मोहम्मद शादाब (32 वर्ष) के रूप में हुई।
तीनों आरोपियों के कब्जे से 11 बंडल इलेक्ट्रॉनिक कॉपर तार बरामद हुए। पुलिस के अनुसार आरोपी धोखाधड़ी से दुकानों से तार उठाकर उन्हें बेचने का धंधा कर रहे थे। बरामदगी के बाद इनके खिलाफ धारा 318(4), 317(2), 316(2) बीएनएस में कार्रवाई की गई।गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। तीनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, वहीं उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य थानों व जनपदों से भी जुटाई जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र चौधरी, उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक संदीप्त कुमार, कांस्टेबल जितेंद्र पाल और कांस्टेबल मनोज कुमार शामिल रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.