diwali horizontal

बदायूं में बांग्लादेशी-रोहिंग्या घुसपैठ की आशंका, बड़े सरकार परिसर में बड़ा अभियान

0 78

बदायूं में बांग्लादेशी-रोहिंग्या घुसपैठ की आशंका, बड़े सरकार परिसर में चला बड़ा संयुक्त अभियान

बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों की संभावित मौजूदगी को लेकर बदायूं पुलिस और प्रशासन ने शनिवार को शहर के लालपुल स्थित बड़े सरकार परिसर में व्यापक संयुक्त अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

झुग्गी-झोपड़ियों में सघन जांच, कई संदिग्ध हिरासत में

अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासनिक टीमों ने सड़क किनारे बनी झुग्गी-झोपड़ियों, तिरपाल और पन्नी डालकर रह रहे लोगों की गहन जांच की। सभी से आधार कार्ड, वोटर आईडी सहित अन्य वैध पहचान पत्र मांगे गए।
कई लोग कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिन्हें संदिग्ध मानते हुए हिरासत में लिया गया

एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी ने बताया कि घुसपैठ की आशंका के मद्देनजर यह अभियान चलाया गया। बिना पहचान पत्र वाले लोगों को हिरासत में लिया गया है और अवैध रूप से रह रहे अन्य जनपदों के लोगों को भी हटाया गया है।

वर्षों पुराने अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई

हालांकि मौके पर कोई बांग्लादेशी या रोहिंग्या नागरिक सीधे तौर पर नहीं मिला, लेकिन जांच के दौरान परिसर में लंबे समय से चले आ रहे अवैध कब्जे सामने आए।
कई लोगों ने झोपड़ीनुमा अस्थायी निर्माण, मुसाफिरखाने में ठिकाना और कुछ ने पक्के मकान तक बना लिए थे।

सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश पाल की मौजूदगी में इन सभी कब्जों को गैरकानूनी बताते हुए हटाने के निर्देश दिए गए। अवैध रूप से रह रहे लोगों को शाम तक स्वयं निर्माण हटाने की चेतावनी दी गई। कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई लोग ताले लगाकर फरार हो गए।

बिजली कनेक्शन और अवैध मदरसे पर सवाल

जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
कई स्थानों पर बिना समुचित सत्यापन के बिजली मीटर लगाए जाने का मामला सामने आया, जिस पर प्रशासन ने बिजली विभाग की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए जांच के संकेत दिए हैं।

इसके अलावा परिसर में बिना अनुमति संचालित एक मदरसा मिला, जहां दो हुक्के और पढ़ाई के नाम पर फर्जी किताबें पाई गईं। टीम के पहुंचते ही मदरसा संचालक ताला लगाकर फरार हो गया।
बिना अनुमति बने धर्मस्थल और प्रतिबंधित लाउडस्पीकर हटाने के भी निर्देश दिए गए।

अभियान आगे भी रहेगा जारी

इस संयुक्त कार्रवाई में एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश पाल, सीओ नगर रजनीश कुमार उपाध्याय, कोतवाली प्रभारी संजय कुमार, सिविल लाइन इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह तोमर सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे

Leave A Reply

Your email address will not be published.