
प्रतापगढ़ में माफियागिरी पर बड़ी कार्रवाई: सपा नेता गुलशन यादव की कोठी सील, 4 करोड़ की संपत्ति कुर्क
प्रतापगढ़ में माफियागिरी पर बड़ी कार्रवाई: सपा नेता गुलशन यादव की कोठी सील, 4 करोड़ की संपत्ति कुर्क
प्रयागराज: प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के नेटवर्क को खत्म करने के बाद अब आईपीएस अधिकारी दीपक भूकर प्रतापगढ़ में माफियागिरी पर नकेल कसने में जुट गए हैं। इसी अभियान के तहत पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी समाजवादी पार्टी नेता गुलशन यादव पर बड़ी कार्रवाई की है।
गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज होने के बाद प्रतापगढ़ पुलिस ने गुलशन यादव की प्रयागराज स्थित कोठी को कुर्क कर सील कर दिया। पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान ढोल बजवाकर आसपास के लोगों को सूचना दी और लाउडस्पीकर पर मुकदमे से जुड़ी पूरी जानकारी की मुनादी कराई। पुलिस ने कोठी पर कुर्की का बोर्ड लगा दिया और चेतावनी दी कि कुर्क की गई संपत्ति से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने गुलशन यादव की तीन अलग-अलग प्रॉपर्टी को कुर्क किया, जिनका कुल क्षेत्रफल 438 वर्ग मीटर बताया गया है। इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 10 लाख रुपये है।
जिस कोठी को सील किया गया है, वह प्रयागराज के कर्नलगंज इलाके में स्थित है और इसकी लागत लगभग 5 करोड़ रुपये मानी जाती है। आईपीएस दीपक भूकर ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर गुलशन यादव की अवैध संपत्तियों को जब्त किया गया है और उनकी अन्य प्रॉपर्टी की भी जांच जारी है। यह पूरी कार्रवाई जिलाधिकारी प्रतापगढ़ के 23 अप्रैल 2025 के आदेश पर की गई।
गुलशन यादव का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। प्रतापगढ़ सहित कई शहरों में उन पर कुल 53 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उन पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। वह प्रतापगढ़ के कुंडा से जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं और 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ चुनाव लड़कर कड़ी टक्कर दे चुके हैं।
