diwali horizontal

मेडिकल स्टोर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग से दवाइयां व फर्नीचर जलकर राख

0 222

कानपुर। नवाबगंज थाना क्षेत्र की विष्णुपुरी कॉलोनी में स्थित एक मेडिकल स्टोर में मंगलवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इसमें दुकान में रखी लाखों रुपये की दवाइयां व फर्नीचर जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची कर्नलगंज फायर स्टेशन की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस के मुताबिक नवाबगंज निवासी बीनू खान की विष्णुपुरी कॉलोनी के रामचंद्र चौराहे के पास यूनाइटेड मेडिकल स्टोर नाम पर दुकान है। सोमवार रात बीनू दुकान बंद करके घर गए थे। मंगलवार सुबह सात बजे लोगों ने दुकान के अंदर से धुआं उठता देख कर उन्हें और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। 20 मिनट बाद कर्नलगंज फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ी पहुंची और फायरमैनों ने दुकान का शटर खुलवाकर आग पर काबू पाना शुरू किया। इस दौरान एहतियात के तौर पर इलाके की विद्युत सप्लाई भी बंद कराई गई।

नवाबगंज थाना प्रभारी रमाकांत पचौरी ने बताया कि आग संभवत शार्ट सर्किट होने से लगी थी। इसमें दुकान में रखा माल जलकर राख हो गया। नुकसान का सही आकलन अभी नहीं हो सका है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.