
नगर निगम जोन-3 के नव निर्मित कार्यालय भवन, अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर, सीनियर सिटीजन लाइब्रेरी व योगा सेंटर का मंत्री ए.के. शर्मा ने किया उद्घाटन
नगर निगम जोन-3 के नव निर्मित कार्यालय भवन, अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर, सीनियर सिटीजन लाइब्रेरी व योगा सेंटर का मंत्री ए.के. शर्मा ने किया उद्घाटन
- HIGHLIGHTS:
- प्रधानमंत्री के विकसित भारत विजन को मजबूत करेगा यह प्रयास:श्री ए के शर्मा
- दुनिया के विकसित देशों जैसी सुविधाएं अब हमारे शहरों में भी विकसित हो रही हैं:नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री
- जन शिकायतों का त्वरित समाधान लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहचान-मंत्री
- वरिष्ठ नागरिकों के लिए लाइब्रेरी, योगा, जिम व कैफेटेरिया जैसी आधुनिक सुविधाएं सराहनीय
लखनऊ: 11 मार्च, 2026: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने नगर निगम लखनऊ के जोन-3 में नव निर्मित कार्यालय भवन, अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधुनिक लाइब्रेरी व योगा सेंटर का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सुविधा आधुनिक नगर प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्राप्त होंगी। अपने संबोधन में मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि उन्हें मा0 प्रधानमंत्री जी के साथ लगभग 50-60 देशों की यात्रा करने का अवसर मिला है और विकसित देशों की व्यवस्थाओं को देखने के बाद वह पूरे विश्वास के साथ कह सकते हैं कि लखनऊ में विकसित की गई यह सुविधा दुनिया की बेहतरीन व्यवस्थाओं के समकक्ष है।
मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी का लक्ष्य भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और इसके लिए शहरों में आधुनिक नागरिक सुविधाओं का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा स्थापित यह अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विकसित सुविधाएं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे न केवल प्रशासनिक सेवाएं बेहतर होंगी, बल्कि नागरिकों को सम्मानजनक और आधुनिक वातावरण में सेवाएं प्राप्त होंगी।
मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि आज के समय में प्रशासन से जनता की अपेक्षाएं काफी बढ़ गई हैं। टेक्नोलॉजी के विकास के बाद लोग जन्म प्रमाण पत्र, विभिन्न प्रमाण पत्र और अन्य सरकारी सेवाएं समयबद्ध तरीके से प्राप्त करना चाहते हैं। यदि इन सेवाओं में अनावश्यक विलंब होता है तो इससे असंतोष और शिकायतें उत्पन्न होती हैं। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध समाधान करना सरकार और प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी है, क्योंकि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहचान जनता की समस्याओं के प्रति उसकी संवेदनशीलता से होती है।

उन्होंने कहा कि उनके मन में लंबे समय से यह विचार था कि नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालयों को आधुनिक नागरिक सेवा केंद्रों के रूप में विकसित किया जाए, जहां कोई भी नागरिक अपने दस्तावेज लेकर आए तो उसे सम्मानजनक वातावरण में बैठने की सुविधा मिले और उसकी समस्या का समाधान समयबद्ध तरीके से हो सके। इस नई व्यवस्था में नागरिकों के लिए बेहतर काउंटर व्यवस्था, प्रतीक्षालय और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

मंत्री श्री शर्मा ने नगर निगम द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए तैयार की गई विशेष सुविधाओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां वरिष्ठ नागरिकों के लिए लाइब्रेरी, योगा सेंटर, जिम, कैफेटेरिया और बैठने की आधुनिक व्यवस्था की गई है, जो उनके स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक सहभागिता के लिए अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल अनुकरणीय है बल्कि अन्य नगर निकायों के लिए भी एक प्रेरणादायी मॉडल बन सकती है।

उन्होंने इस अवसर पर महापौर, नगर आयुक्त और नगर निगम की पूरी टीम को इस उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी। साथ ही उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि इस आधुनिक सुविधा को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि आने वाले वर्षों में भी यह केंद्र उसी उत्कृष्ट स्थिति में बना रहे और जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान करता रहे। इस अवसर पर लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, विधायक श्री नीरज बोरा, नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।