
देशभर में मानसून ने तबाही मचा रखी है।
India Weather Update:देशभर में मानसून ने तबाही मचा रखी है। मुंबई से लेकर उत्तर प्रदेश तक, और कश्मीर से लेकर उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश तक तेज़ बारिश का कहर जारी है।

पहाड़ी इलाकों में हालात और भी गंभीर होते जा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में हाल ही में आए भूकंप के झटकों से लोग अभी उबरे भी नहीं थे कि अब कुल्लू में बादल फटने की घटना सामने आई है। भारी बारिश के चलते अचानक आई बाढ़ ने कई इलाकों में तबाही मचा दी है।

नालों और नदी किनारे बसे इलाकों में पानी घुस गया है, जिससे मकानों और दुकानों को नुकसान पहुंचा है। कई वाहन तेज़ बहाव में बह गए हैं और सड़कों पर मलबा जमा हो गया है। प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं, वहीं मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुल्लू, मंडी और शिमला जैसे जिलों में लोगों को नदियों और कमजोर ढलानों से दूर रहने की अपील की गई है। उत्तराखंड, दिल्ली और मुंबई जैसे इलाकों में भी भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम का ये कहर फिलहाल थमता नहीं दिख रहा, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।