diwali horizontal

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने एबीसी ट्रेनिंग सेंटर और गौशाला का किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

0 51

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने एबीसी ट्रेनिंग सेंटर और गौशाला का किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ के नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बुधवार को जरहरा स्थित एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर के निर्माणाधीन ट्रेनिंग सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं। नगर आयुक्त ने कहा कि पशु जन्म नियंत्रण से जुड़े सभी प्रोजेक्ट्स नगर निगम की प्राथमिकता में हैं और इन्हें गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना आवश्यक है।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कहा कि जरहरा स्थित एबीसी ट्रेनिंग सेंटर का निर्माण शहर में आवारा पशुओं के नियंत्रण और उनके वैज्ञानिक देखभाल के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने निर्माण कर रही एजेंसियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य पारदर्शिता और मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं ताकि भविष्य में किसी प्रकार की शिकायत की गुंजाइश न रहे।गोपाष्टमी के अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार ने जरहरा स्थित राधा उपवन गौशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां रह रहे गोवंशों को गुड़ खिलाया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त टीन शेडों का निर्माण शीघ्र किया जाए ताकि सभी गायों के लिए पर्याप्त आश्रय उपलब्ध हो सके।इसके बाद नगर आयुक्त ने अमौसी स्थित दूसरे एबीसी सेंटर का भी निरीक्षण किया, जिसका निर्माण कार्यदाई संस्था सीएंडडीएस (C&DS) द्वारा कराया जा रहा है। उन्होंने मौके पर उपस्थित अभियंताओं और अधिकारियों से निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी ली और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्थिति में निर्माण की गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए।नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम लखनऊ शहर में आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। एबीसी सेंटरों के निर्माण से न केवल पशु जनसंख्या नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि शहर में स्वच्छता और नागरिक सुरक्षा भी सुदृढ़ होगी।निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद राव, पशुकल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा सहित जोनल अधिकारियों की टीम मौजूद रही। सभी अधिकारियों ने नगर आयुक्त को आश्वस्त किया कि निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाएगा ताकि शहर में आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.