
नगर आयुक्त की नागरिकों से अपील: भारी बारिश में घर से बाहर निकलने से बचें, बिजली के खंभों और पेड़ों से रहें दूर
नगर आयुक्त की नागरिकों से अपील: भारी बारिश में घर से बाहर निकलने से बचें, बिजली के खंभों और पेड़ों से रहें दूर
लखनऊ: नगर आयुक्त गौरव कुमार ने राजधानीवासियों से अपील की है कि भारी वर्षा के चलते वे सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और अत्यंत आवश्यकता होने पर ही घर से बाहर निकलें। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में लगातार हो रही मूसलधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है और कई स्थानों पर जलभराव व दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, ऐसे में सभी नागरिक सतर्क और सावधान रहें।उन्होंने विशेष रूप से यह सलाह दी कि लोग बिजली के खंभों, प्रकाश वाले पोलों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। बारिश के दौरान इन स्थानों पर बिजली का करंट दौड़ने या पेड़ की शाखा टूटकर गिरने से जानमाल की हानि हो सकती है।नगर आयुक्त ने कहा कि बारिश के मौसम में विद्युत करंट लगने की घटनाएं आम होती हैं, इसलिए किसी भी खुले वायर, ट्रांसफार्मर या जलमग्न पोल से दूरी बनाए रखें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि यदि कहीं जलभराव या पेड़ गिरने जैसी स्थिति नजर आए तो तुरंत नगर निगम कंट्रोल रूम को सूचना दें ताकि समय से राहत कार्य शुरू कराया जा सके।उन्होंने यह भी अपील की कि लोग स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें, स्कूलों की बंदी से संबंधित सूचना पर ध्यान दें और अफवाहों से बचें। उनका कहना था कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा और शहर को सुरक्षित बनाए रखना है।नगर निगम ने बारिश के चलते आपात सेवाओं को सक्रिय कर दिया है और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। नगर आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि निगम पूरी मुस्तैदी से हालात पर नजर रखे हुए है, लेकिन नागरिकों का सहयोग भी उतना ही जरूरी है।
