
बस्ती और प्रयागराज में बनेगे नए आवासीय भवन, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर ग्राम्य विकास विभाग ने दी 16 करोड़ से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति
बस्ती और प्रयागराज में बनेगे नए आवासीय भवन, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर ग्राम्य विकास विभाग ने दी 16 करोड़ से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर ग्राम्य विकास विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में आवासीय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विभाग द्वारा जनपद बस्ती और प्रयागराज में आवासीय भवनों के निर्माण हेतु कुल 16 करोड़ से अधिक की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।जनपद बस्ती के विकास खंड सल्टौआ गोपालपुर और रामनगर में आवासीय भवनों के निर्माण कार्यों के लिए प्रायोजना रचना एवं मूल्यांकन प्रभाग द्वारा पुनरीक्षित आकलन तैयार किया गया था। इसके अंतर्गत सल्टौआ गोपालपुर में निर्माण कार्य हेतु 5 करोड़ 61 लाख 74 हजार रुपये तथा रामनगर में 6 करोड़ 19 लाख 21 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।इसी क्रम में, जनपद प्रयागराज के विकास खंड कोरांव में आवासीय भवनों के निर्माण हेतु मुख्य प्राविधिक परीक्षक (टीएसी), ग्राम्य विकास उत्तर प्रदेश द्वारा तैयार पुनरीक्षित आकलन 4 करोड़ 43 लाख 95 हजार रुपये का अनुमोदन भी शासन स्तर पर स्वीकृत किया गया है।इस संबंध में आवश्यक शासनादेश उत्तर प्रदेश शासन, ग्राम्य विकास विभाग द्वारा जारी कर दिया गया है। विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शासनादेश में निहित दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित किया जाए और निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों और समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक कार्यों के सुचारु संचालन और कर्मियों के लिए बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध कराना है, जिससे ग्राम्य विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ सके। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि राज्य सरकार ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है और प्रत्येक योजना का लाभ गांवों के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
