
अलीगंज में नवविवाहिता ने की आत्महत्या, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, मुकदमा दर्ज
लखनऊ: अलीगंज थाना क्षेत्र स्थित त्रिवेणीनगर तृतीय में सोमवार सुबह एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 24 वर्षीय प्रीति गौतम पत्नी अक्षय गौतम के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया है, जिसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:42 बजे प्रीति के ससुर मुल्लुराम ने अलीगंज थाने में सूचना दी कि उनकी बहू ने घर की तीसरी मंजिल पर बने ऊपरी कमरे में पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली है। जब तक परिजन ऊपर पहुंचे और उसे नीचे उतारा, तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई। इसी दौरान मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रीति को ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया, या फिर उसकी हत्या कर दी गई है।अलीगंज पुलिस ने मृतका के मायके वालों की तहरीर के आधार पर प्रकरण में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। शव का पंचायतनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है और अन्य वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
