
निगोहां में नवविवाहिता ने की आत्महत्या, आठ माह की बच्ची को छोड़ दुनिया से गई लक्ष्मी दिसंबर 2023 में हुई थी शादी, पुलिस जांच में जुटी
निगोहां में नवविवाहिता ने की आत्महत्या, आठ माह की बच्ची को छोड़ दुनिया से गई लक्ष्मी
दिसंबर 2023 में हुई थी शादी, पुलिस जांच में जुटी
लखनऊ: राजधानी के निगोहां थाना क्षेत्र स्थित ग्राम मीरकनगर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सोमवार सुबह एक नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना सामने आई। लक्ष्मी (21), पत्नी संतोष रावत ने अपने घर के कमरे में छत से लगे पंखे के कुंडे में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े आठ बजे थाना निगोहां पर सूचना मिली कि ग्राम मीरकनगर निवासी एक महिला ने आत्महत्या कर ली है। सूचना पर उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार अपनी टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। वहां परिजनों द्वारा बताया गया कि मृतका को फंदे से उतारकर नीचे रखा गया है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव का पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि मृतका लक्ष्मी की शादी पिछले वर्ष दिसंबर 2023 में हुई थी और उसकी आठ माह की एक मासूम बच्ची भी है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है। मृतका के मायके पक्ष को सूचना दे दी गई थी, जो मौके पर पहुंच चुका है।फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र में हुई इस दुखद घटना से इलाके में शोक का माहौल है।
