
नीतीश कुमार कल 11.30 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे
इंडिया Live: नीतीश कुमार कल यानी गुरुवार को दोपहर 11.30 बजे गांधी मैदान में सीएम पद की शपथ लेंगे। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी भी शामिल होंगे। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने यह जानकारी दी है।
बुधवार को सीएम हाउस में जदयू के विधायक दल की मीटिंग हुई। बैठक में नीतीश कुमार को विधान मंडल दल का नेता चुन लिया गया है।
वहीं BJP ने भी मीटिंग के बाद सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना है। अब 3.30 बजे विधानसभा के सेंट्रल हॉल में NDA की बैठक होगी।
इसमें गठबंधन के घटक दल नीतीश को सीएम बनाने पर मुहर लगाएंगे। चर्चा है कि जदयू कोटे से 13 मंत्री बनाए जा सकते हैं।
NDA विधायक दल की मीटिंग में 202 MLA होंगे मौजूद
दोपहर 3.30 बजे सेंट्रल हॉल में NDA विधायक दल की बैठक होगी। इसमें बीजेपी, जदयू, एलजेपी (आर), हम, आरएलएम के सभी 202 विधायक मौजूद रहेंगे। साथ ही नीतीश कुमार, चिराग पासवान, संतोष सुमन, उपेंद्र कुशवाहा, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा मौजूद रहेंगे।
इसमें सभी दल अपने द्वारा चुने गए विधायक दल के नेता पर चर्चा करेंगे। एनडीए नीतीश कुमार को विधानमंडल दल का नेता चुनेगा।
उसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश राज्यपाल को इस्तीफा सौंपेंगे तो और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। ये पूरी प्रक्रिया शाम तक होने की संभावना है।