diwali horizontal

चुनाव से पहले मंत्रिमंडल विस्तार के आसार नहीं

0 146

लखनऊ : प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले योगी मंत्रिमंडल के विस्तार की संभावना कम नजर आ रही है। प्रदेश में विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर चुकी भाजपा की कोर कमेटी अब मंत्रिमंडल विस्तार के पक्ष में नहीं है। मौजूदा मंत्रिमंडल से ही योगी सरकार शेष छह महीने का कार्यकाल पूरा करना चाहती है।प्रदेश में जून से योगी मंत्रिमंडल में विस्तार और फेरबदल की अटकलें लगाई जा रही थी। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर प्रदेश भाजपा नेताओं की केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा भी हुई। इसके बाद कुछ नामों की चर्चा भी चली, लेकिन राष्ट्रीय नेतृत्व की हरी झंडी न मिलने की वजह से मंत्रिमंडल विस्तार पर निर्णय नहीं हो सका। जानकारों की मानें तो अब सरकार और संगठन ने राष्ट्रीय नेतृत्व को मंत्रिमंडल विस्तार नहीं करने का आग्रह कर दिया है।

संगठन का मानना है कि मंत्रिमंडल विस्तार करने से फायदा कम नुकसान ज्यादा हो सकता है। चुनाव से छह महीने पहले विस्तार करने पर जिन जातियों को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व नहीं मिलेगा उनकी नाराजगी का खामियाजा चुनाव में भुगतान पड़ सकता है। लिहाजा मंत्रिमंडल का विस्तार और फेरबदल न किया जाए। बीते दिनों एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी एक सवाल के जवाब में कहा था कि मंत्रिमंडल विस्तार के लिए अब लंबा इंतजार कीजिए। भाजपा के एक जिम्मेदार पदाधिकारी ने भी अब मंत्रिमंडल विस्तार न होने की बात कही है। उनका कहना है कि पार्टी चुनाव मैदान में उतर चुकी है ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार या फेरबदल करना राजनीतिक दृष्टि से भी उचित नहीं है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.