
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर लखनऊ विश्वविद्यालय में एचआईवी/एड्स जागरूकता अभियान का शुभारंभ
लखनऊ: अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मंगलवार को लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं के बीच एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विविध रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश राज्य एड्स कंट्रोल सोसाइटी (यूपीसैक्स) के अपर परियोजना निदेशक रविंद्र कुमार और विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर मनुका खन्ना ने प्रदेश स्तर पर शुरू होने जा रहे सघन जागरूकता अभियान ‘समझदारी की बात, सबके साथ’ का अनावरण किया। यह अभियान आगामी दो महीनों तक प्रदेश के सभी जिलों में चलाया जाएगा।अपर परियोजना निदेशक रविंद्र कुमार ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रदेश के दस हजार से अधिक गांवों में घर-घर जाकर एचआईवी/एड्स की जानकारी दी जाएगी। इस कार्य में गांव के प्रधान, आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पंचायत मित्र और सचिव जैसे स्थानीय लोग सहयोग करेंगे। साथ ही ब्लॉक और जिला स्तर पर विशेष स्वास्थ्य शिविर, लोक कला कार्यक्रम, स्कूल आउटरीच कार्यक्रम और युवाओं के लिए महाविद्यालय स्तर पर विशेष आयोजन भी किए जाएंगे। अभियान की सफलता के लिए सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति के बिना समाज, प्रदेश और देश का विकास संभव नहीं है। यदि युवा स्वस्थ और निरोग रहेंगे तभी समाज में भी स्वस्थ संदेश पहुंच पाएगा। इसलिए एचआईवी/एड्स जैसे गंभीर विषय की जानकारी हर युवा को होनी चाहिए।कुलपति प्रोफेसर मनुका खन्ना ने इस प्रकार के कैंपेन को युवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक मजबूत कदम उठाया जाएगा। लखनऊ विश्वविद्यालय इस जागरूकता अभियान में पूरी तरह सहयोग करेगा।कार्यक्रम में एचआईवी/एड्स विषय पर आधारित लघु नाटिका भी प्रस्तुत की गई, जिसमें विविध सेवा केंद्र के कलाकारों ने दर्शकों को इस अभियान के महत्व से अवगत कराया। अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। संयुक्त निदेशक रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अभियान के माध्यम से प्रदेश में युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया है।
