diwali horizontal

अखण्ड भारत के शिल्पी सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर मुख्यमंत्री योगी ने किया श्रद्धांजलि अर्पण, कहा—‘राष्ट्रभक्ति ही सच्ची श्रद्धांजलि’

0 56

अखण्ड भारत के शिल्पी सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर मुख्यमंत्री योगी ने किया श्रद्धांजलि अर्पण, कहा—‘राष्ट्रभक्ति ही सच्ची श्रद्धांजलि’

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को जीपीओ स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्क में आयोजित कार्यक्रम में भारत रत्न लौहपुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ पर एक भारत-आत्मनिर्भर भारत को समर्पित ‘रन फॉर यूनिटी’ एकता दौड़ का शुभारंभ किया और सरदार पटेल के जीवन पर आधारित पुस्तिका का विमोचन किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरा देश अखण्ड भारत के शिल्पी लौहपुरुष सरदार पटेल को नमन कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता प्रकट कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में निर्णय लिया था कि हर वर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस वर्ष पटेल जयंती के अवसर पर ‘सरदार/150 यूनिटी मार्च’ का राष्ट्रव्यापी आयोजन हो रहा है, जिससे देशभर में एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश फैल रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता आंदोलन में अदम्य साहस और दृढ़ नेतृत्व का परिचय देते हुए देश की 563 रियासतों को एक सूत्र में बांधकर अखण्ड भारत का निर्माण किया। अंग्रेजों की साजिश के तहत भारत को विभाजित करने के प्रयासों को उन्होंने विफल किया और राष्ट्र की एकता को सर्वोपरि रखा। उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि भारत की अखण्डता के साथ कोई खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं होगा।योगी ने कहा कि जब प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति का भाव प्रबल होता है, तब देश की एकता और अखण्डता स्वतः सुदृढ़ होती है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने सरदार पटेल के सपनों को साकार करते हुए संविधान की धारा 370 समाप्त कर जम्मू-कश्मीर को पूर्ण रूप से भारत का हिस्सा बनाया।उन्होंने कहा कि गुजरात के केवड़िया में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल की विश्व की सबसे ऊँची प्रतिमा स्थापित की गई है, जो आज राष्ट्रीय प्रेरणा स्थली के रूप में देशवासियों को नई दिशा दे रही है। उन्होंने कहा कि ‘‘शिवो भूत्वा शिवं यजेत’’—अर्थात जिसे सम्मान दे रहे हैं, उसके अनुरूप स्वयं को बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश का सांस्कृतिक दल केवड़िया जाकर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करेगा। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के नेतृत्व में 12 नवम्बर को यह दल केवड़िया पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हस्तशिल्पियों और कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को गति दी जा रही है। केवड़िया में उत्तर प्रदेश के कारीगरों के उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे।कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, विधान परिषद सदस्य भूपेंद्र सिंह, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.