
वन मंत्री के आश्वासन पर पुश्तैनी टिम्बर कारोबारियों में जागी उम्मीद की किरण
टिम्बर एसोसिएशन ने वन मंत्री को सौंपा ज्ञापन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश टिम्बर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी,प्रथम जिला परिषद अध्यक्ष लखनऊ एवं पूर्व विधायक स्व.पंडित रामपाल त्रिवेदी के प्रपौत्र मोहनीश त्रिवेदी के नेतृत्व में टिम्बर व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल द्वारा उत्तर प्रदेश के सैकड़ों पुश्तैनी टिम्बर व्यापारियों,ओल्ड एंड पेंडिंग और ई -3 रसीदधारी व्यापारियों जिनकी रसीदें स्वयं वन विभाग द्वारा काटी गई थी उन्हें लाइसेंस दिए जाने के लिए वन मंत्री डॉ.अरुण कुमार सक्सेना को ज्ञापन सौंपा गया। इसके पश्चात वन मंत्री ने सारी बात सुनने के बाद आश्वासन दिया कि पुश्तैनी टिम्बर व्यापारियों के विगत 6 वर्षों से चले आ रहे संघर्ष को मंजिल तक पहुंचाने में पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे। वन मंत्री ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश को आर्थिक गति देने के प्रयासों में पुश्तैनी टिम्बर व्यापारियों को भी सहभागी बनाए जाने के लिए लाइसेंस देकर व्यापार करने का अवसर दिए जाने का भरोसा दिलाते हुए कहां कि वह उत्तर प्रदेश के टिम्बर उद्योगों व किसानों की आय को बढ़ावा देना चाहते है। वहीं,प्रदेश अध्यक्ष मोहनीश त्रिवेदी ने बताया कि वन मंत्री की समस्याओं को भलीभांति समझते है उन्होंने अपनी बातों में हमारे दर्द को समझा भी और उसे दूर करने का भरोसा दिया। मोहनीश त्रिवेदी ने बताया कि ई-लॉटरी से पूर्व वन विभाग द्वारा फरवरी-2018 में सर्वोच्च न्यायालय की याचिका 202/1995 के अधीन 5 अक्टूबर 2015 को हुए आदेश के अनुपालन में ओल्ड एंड पेंडिंग के तहत लाइसेंस के लिए पुश्तैनी टिम्बर व्यापारियों के आवेदन लिए गए थे। जिनमें से 338 आवेदकों के मामले कई वर्षों से पेंडिंग ही चले आ रहे है दूसरी तरफ जिन व्यापारियों की ई-3 रसीदें स्वयं वन विभाग द्वारा जारी की गई उन्हें भी ई-लॉटरी में धोखा मिला तमाम ऐसे लोग तो लाइसेंस पा गए जिनका इस व्यापार से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं रहा लेकिप अपने बाबा व पिता के समय से इस उद्योग से जुड़े लोग लाइसेंस ना मिलने के चलते बेरोजगार हो गए। लेकिन वन मंत्री के आश्वासन से एक उम्मीद की किरण जागी है। संगठन के संरक्षक अख्तर खान ने बताया कि वन मंत्री के आदेशानुसार जल्दी ही एक प्रतिनिधि मंडल पीसीसीएफ से मिलकर अपनी बात रखेगा।इस मौके पर मुख्य रूप से मोहनीश त्रिवेदी,ब्रजेश मिश्रा,अख्तर खान,एजाज खान,ठाकुर प्रसाद और सुभाष शर्मा मौजूद रहे।