
लखनऊ में महापौर सुषमा खर्कवाल के निर्देश पर नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया
लखनऊ: लखनऊ में महापौर सुषमा खर्कवाल के निर्देशानुसार और नगर आयुक्त गौरव कुमार के आदेश पर नगर निगम ने शहर के विभिन्न जोनों में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। नादरगंज, अमौसी, अकबरी गेट, इंदिरा नगर, खजाना चौराहा समेत कई प्रमुख क्षेत्रों में अवैध अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। अभियान के दौरान ठेले, गुमटी, काउंटर, बैनर, पोस्टर और अन्य सामान जब्त किया गया तथा अतिक्रमणकारियों को कड़ी चेतावनी दी गई।जोन-5 के अंतर्गत नादरगंज से आलमबाग तक अभियान चलाकर कई ठेले और काउंटर हटाए गए। इस अभियान का नेतृत्व जोनल अधिकारी नन्दकिशोर ने किया। साथ ही कर अधीक्षक आलोक कुमार श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक अनुज गौड़ और पुलिस बल की उपस्थिति रही।जोन-6 में नक्खास चौराहा से कुड़िया घाट तक दोनो पटरियों पर अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान कई ठेले और अस्थाई दुकानें हटाई गईं तथा जुर्माना वसूल कर अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई। इस कार्रवाई का नेतृत्व जोनल अधिकारी मनोज यादव ने किया।जोन-7 के अंतर्गत खलीफा होटल से नौबस्ता पुलिया तक बैनर और झोपड़ियां हटाई गईं। साथ ही कई ठेले, गुमटी और अवैध सामान जब्त किए गए। अभियान की निगरानी जोनल अधिकारी आकाश कुमार और कर अधीक्षक राम अचल ने की।जोन-8 में खजाना चौराहे से बंगला बाजार चौकी तक और अन्य स्थानों पर अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान कई स्टूल, सिलेंडर, कैरेट, तराजू और स्टैंडिंग बोर्ड जब्त किए गए। इस अभियान का नेतृत्व जोनल अधिकारी अजीत कुमार राय ने किया।
इस अभियान से शहर के सार्वजनिक स्थानों से अवैध कब्जे हटाकर नागरिकों को बेहतर आवागमन व स्वच्छता का लाभ मिलने की उम्मीद है।
