
छठ महापर्व के अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने शहर के घाटों का किया निरीक्षण
लखनऊ: छठ महापर्व के दृष्टिगत रविवार को लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर के विभिन्न घाटों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने ओम गंगे घाट (चतुरिया घाट), कुड़िया घाट, देवरहा बाबा घाट (पंचमुखी हनुमान मंदिर) और दुर्गा मंदिर, ईश्वरी खेड़ा (वृंदावन) स्थित छठ घाटों पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और जल निकासी की स्थिति का निरीक्षण किया। महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं संतोषजनक रूप से पूरी की जाएं।महापौर ने निरीक्षण की शुरुआत जोन-6 के ओम गंगे घाट (चतुरिया घाट) से की। इस दौरान उन्होंने घाट परिसर में सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त रोशनी, जलस्तर की निगरानी, बैरिकेडिंग, प्राथमिक चिकित्सा और नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। निरीक्षण के दौरान महामंत्री महानगर लखनऊ राम अवतार कनौजिया, सदस्य माननीय कार्यकारिणी एवं पार्षद अनुराग मिश्रा ‘अन्नू’, मंडल अध्यक्ष दया पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य लोग और अधिकारीगण उपस्थित रहे।इसके बाद महापौर ने कुड़िया घाट का दौरा किया, जहां उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि छठ पर्व पर हजारों श्रद्धालु जुटते हैं, इसलिए सभी व्यवस्थाएं सुचारु और सुरक्षित रहें। महापौर ने यातायात पुलिस और नगर निगम के बीच समन्वय बनाए रखने पर भी बल दिया। इस अवसर पर महामंत्री राम अवतार कनौजिया, पार्षद अनुराग मिश्रा ‘अन्नू’, मंडल अध्यक्ष दया पाण्डेय, अन्य गणमान्य लोग और नगर निगम अधिकारी उपस्थित रहे।महापौर ने इसके बाद देवरहा बाबा घाट (पंचमुखी हनुमान मंदिर, जोन-4) का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर की गई सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और अन्य सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण प्रदान किया जाए। इस दौरान पार्षद प्रमोद राजन और जोनल अधिकारी जोन-4 संजय यादव सहित अन्य गणमान्य लोग और अधिकारी मौजूद रहे।अंत में महापौर ने दुर्गा मंदिर, ईश्वरी खेड़ा (वृंदावन, जोन-8) स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और जल निकासी की तैयारियों का जायजा लिया और निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध एवं संतोषजनक रूप से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था का पर्व है और नगर निगम का दायित्व है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सौंदर्यपूर्ण वातावरण मिले।इस अवसर पर पार्षद सौरभ सिंह मोनू, पार्षद प्रतिनिधि सुनील शंखधर, जोनल अधिकारी अजीत राय, अधिशासी अभियंता शील श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य लोग और नगर निगम के अधिकारीगण उपस्थित रहे।महापौर सुषमा खर्कवाल ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ महापर्व के अवसर पर सभी घाटों पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पूर्णतया दुरुस्त रहें, ताकि श्रद्धालु भक्ति, श्रद्धा और सहजता के साथ पर्व का आनंद उठा सकें।
