
विश्व युवा कौशल दिवस पर लखनऊ में हुआ विशाल रोजगार मेला, 1246 युवाओं को मिला रोजगार
लखनऊ: विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले का उद्घाटन लखनऊ उत्तर क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने किया।अपने संबोधन में विधायक डॉ. बोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर जिले में रोजगार मेलों का आयोजन कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ‘रोजगार मिशन’ की स्थापना कर युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने संस्थान के प्रधानाचार्य राज कुमार यादव एवं प्लेसमेंट टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।इस अवसर पर संयुक्त निदेशक, लखनऊ मंडल अनील वर्मा ने युवाओं से मेहनत और लगन के साथ कार्य करने का आह्वान किया ताकि न केवल उनका भविष्य उज्ज्वल हो, बल्कि संस्थान का भी नाम रोशन हो। साथ ही जिलाधिकारी के प्रतिनिधि परियोजना निदेशक विकास मिश्रा, प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी, सहायक सेवायोजन अधिकारी हिमांशु सिंह एवं डीपीएमयू की टीम भी मेले में उपस्थित रहे।प्रशिक्षण, काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी एम.ए. खाँ ने बताया कि इस रोजगार मेले में कुल 29 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें टाटा मोटर्स, हीरो मोटो कॉर्प, स्वराज इंजन, पेटीएम, मारुति सुजुकी, गोयल किचन, फोटो प्लस सहित अन्य प्रमुख संस्थान शामिल थे। मेले में कुल 2355 प्रतिभागियों ने साक्षात्कार में भाग लिया, जिनमें से 1246 का चयन किया गया। चयनित युवाओं को ₹10,000 से ₹25,000 प्रतिमाह के सीटीसी वेतन के साथ अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
रोजगार मेले को सफल बनाने में ग्रे-सिम फाउंडेशन के सहयोग की विशेष सराहना की गई। वरिष्ठ कार्यदेशक निर्भय कुमार सिंह, अनुदेशक जेड. रहमान, मकबूल कादिर सहित समस्त स्टाफ की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।यह रोजगार मेला युवाओं के लिए अवसरों का एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म साबित हुआ है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर एक बड़ी पहल है।
