
गोपालगंज : बिहार में गोपालगंज जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र में दो वाहनों के बीच हुयी टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गयी तथा छह अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि मीरगंज-बथुआ मुख्य मार्ग पर एक ऑटो रिक्शा और कार के बीच टक्कर हो गयी। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि छह अन्य घायल हो गये। मृतक की तत्काल पहचान नहीं की जा सकी है। सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया है। घायलों को गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।