
बादशाह नगर स्टेशन पर सुविधा के लिए करना होगा इंतजार।
सितंबर तक मुख्य गेट का कार्य करना था पूरा, अभी ढांचा ही तैयार -पार्किंग, एप्रोच रोड, स्टेशन पॉथवे का काम भी नहीं हो पाया है पूरा लखनऊ। प्रमुख संवाददाता पूर्वोत्तर रेलवे के बादशाह नगर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के लिए अभी और इंतजार करना होगा।

यहां के मुख्य गेट सहित सर्कुलेटिंग एरिया में काम पूरा नहीं हुआ है। निर्माण कार्य के कारण बादशाह नगर की ओर से स्टेशन का सर्कुलेटिंग एरिया पूरी तरह से अस्त-व्यस्त है। अधूरे काम से यात्रियों को स्टेशन तक जाने में दिक्कत हो रही है। सेकंड एंट्री पर पेपर मिल कॉलोनी की तरफ भी अभी काम चल रहा है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत यहां के मुख्य गेट की तरफ सर्कुलेटिंग एरिया और स्टेशन के एंट्री प्वाइंट का काम सितंबर तक पूरा किया जाना था। लेकिन, मौजूदा समय में एंट्री प्वाइंट का ढांचा ही तैयार है। यहां पार्किंग के पास का एप्रोच रोड तक नहीं बनायी जा सकी है। इस तरफ निर्माण कार्य की सामग्रियों के जहां-तहां बिखरा होने से यात्रियों को प्लेटफार्म तक जाने में काफी दिक्कत हो रही है। आरक्षण केंद्र के पास निर्माण सामग्री पड़ी होने और सड़क खराब होने से लोगों को परेशानी हो रही है। स्टेशन पर तीन लिफ्ट व दो सेट एस्केलेटर लगाने का कार्य भी किया जाना है। सेकंड एंट्री की तरफ कुछ राहत बादशाहनगर रेलवे स्टेशन पर सेकंड इंट्री के सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किग, एप्रोच रोड, स्टेशन भवन पाथवे, लैंड स्केपिंग, फसाड, पोर्च का कार्य, वेटिंग हाल व प्रसाधन ब्लाक एवं पीआरएस काउंटर का कार्य काफी हद तक हो चुका है। इस तरफ फुट ओवर ब्रिज का निर्माण सहित अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। यह कार्य कराए जा रहे हैं पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के पीआरओ महेश गुप्ता के अनुसार मुख्य प्रवेश द्वार के सर्कुलेटिंग एरिया का विकास स्थानीय कला एवं संस्कृति को शामिल करते हुए किया जा रहा है। प्लेटफार्म सरफेस का अपग्रेडेशन, स्टेशन फसाड, स्टेशन परिसर में उन्नत लाइटिंग, कोच गाइडेंस सिस्टम, ट्रेन डिस्पले बोर्ड, डिजिटल घड़ियां, सोलर प्लांट, वाटर कूलर, एयर कंडीशनर, ग्लोसाइन बोर्ड (साइनेज), एलईडी स्टेशन नाम पट्टिकाओं, 12 मीटर चौड़ा पैदल उपरिगामी पुल (एफओबी), स्टेशन पर स्थित यात्री प्रतीक्षालय व शौचालयों का आधुनिकीकरण का काम किया जा रहा है। 31 करोड़ रुपये से कराए जा रहे हैं काम अमृत भारत योजना के तहत बादशाह नगर स्टेशन के अपग्रेडेशन का कार्य 31.13 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य 31 मार्च 2026 है। अपग्रेडेशन का काम गति शक्ति यूनिट करा रहा है।