diwali horizontal

पीएम मोदी ने चौरी चौरा पर जारी किया डाक टिकट, बोले-थाने की आग ने जन-जन में जगा दिया आजादी का जज्‍बा

0 146

लखनऊ : चौरी चौरा महोत्सव से वर्चुअली जुड़े पीएम नरेन्द्र मोदी ने चौरी चौरा पर एक डाक टिकट जारी किया। उन्होंने रिमोट कंट्रोल से टिकट के प्रारूप का अनावरण किया। पीएम मोदी ने भोजपुरी में प्रमाण करत बानीं कहकर अपने भाषण की शुरुआत की उन्होंने कहा सौ वर्ष पहले चौरी चौरा में जो हुआ वो सिर्फ एक थाने में आग लगा देने की घटना नहीं थी। यह आग थाने में नहीं लगी थी। देश के जन-जन में प्रज्जवलित हो चुकी थी। आजादी का जज्बा जगा दिया था। चौरीचौरा का संदेश बहुत बड़ा था। अनेक वजहों से इसे सिर्फ एक आगजनी के स्वरूप में ही देखा गया। दुर्भाग्य है कि चौरी चौरा के शहीदों की इतनी चर्चा नहीं हुई जितनी होनी चाहिए थी लेकिन यह एक स्वत: स्फूर्त संग्राम था। इतिहास के पन्नों में भले जगह नहीं दी गई। आजादी के स्वतंत्रता संग्राम में उनका खून देश की माटी में मिला हुआ है

इसके पहले चौरी चौरा शताब्दी वर्ष महोत्सव45 के शुभांरभ के मौके पर सीएम योगी की अगुवाई में 50 हजार लोगों ने एक साथ वंदेमातरम् गाकर विश्व रिकार्ड बनाया। सीएम योगी समारोह स्थल पर सुबह पौने दस बजे ही पहुंच गए थे। आयोजन समिति की अध्यक्ष और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल लखनऊ से वर्चुअली समारोह से जुड़ी

पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के 75 वें वर्ष में ऐसे समारोह का होना इसे और भी प्रासंगिक बना देता है। चौरी चौरा क्रांति से जुड़े लोग अलग-अलग गांवों और अलग-अलग पृष्ठभूमि के थे। लेकिन वे सब मिलकर मां भारती की संतान थे। स्वतंत्रता संग्राम में ऐसी कम ही घटनाएं हुई होंगी जिसमें किसी एक घटना पर 19 स्वतंत्रता सेनानियों को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया हो। अंग्रेज सरकार तो 172 लोगों को फांसी देने पर तुली थी लेकिन बाबा राघव दास और महामना मालवीय जी के प्रयासों से 150 से अधिक लोगों को बचा लिया गया था

यह इन दोनों महापुरुषों को भी प्रमाण करने का अवसर है। खुशी है कि प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को जोड़ा जा रहा है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने भी स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने पर युवा लेखकों को स्वतंत्रता सेनानियों, घटनाओं पर किताब लिखने के लिए आमंत्रित किया है। चौरी चौरा कांड के ऐसे कितने सेनानी है जिन्हें सामने ला सकते हैं

सामूहिकता है आत्मनिर्भर भारत का आधार

पीएम मोदी ने चौरी चौरा महोत्सव के आयोजन को लोककला से जोड़ने के प्रयास के लिए सीएम योगी और उनकी सरकार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि सामूहिकता की जिस शक्ति ने गुलामी की बेडि़यों को तोड़ा वही शक्ति भारत को दुनिया की बड़ी ताकत भी बनाएगी। यही शक्ति आत्मनिर्भर भारत का मूल अभियान है। इस सामूहिकता से आज सिर्फ देश 130 करोड़ नागरिक आत्मनिर्भर नहीं बन रहे बल्कि हम पूरे वैश्विक समाज की भलाई के लिए भी काम कर रहे हैं। हमने कोरोना काल में 125 देशों के लिए जरूरी दवाइयां भेजीं। अलग-अलग देशों से अपने नागरिकों को सुरक्षित वापस लाए। सैकड़ों दूसरे देशों के नागरिकों को सुरक्षित भेजा। भारत वैक्सीन बना रहा है। विकसित देशों के मुकाबले भी ज्यादा तेजी से टीकाकरण किया जा रहा है। यही नहीं दुनिया के देशों को भी टीके दिए जा रहे हैं। आज यह सब देखकर स्वतंत्रता सेनानियों को गर्व की अनुभूति होती होग
 
बजट-2021 की जमकर की तारीफ

पीएम ने एक फरवरी को संसद में पेश वर्ष 2021 के बजट की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह बजट कोरोना काल की चुनौतियों से निपटने के हमारे अभियान को नई गति देने वाला है। विशेषज्ञ कह रहे थे कि कोरोना काल में इतना बोझ पड़ा है कि नागरिकों पर कर बढ़ाना ही होगा। लेकिन कोई बोझ नहीं बढ़ाया गया। इसके उलट सरकार ने ज्यादा से ज्यादा खर्च करने का फैसला लिया। यह खर्च देश में चौड़ी सड़कें बनाने के लिए होगा। आपके गांवों, शहरों को मंडियों से जोड़ने के लिए होगा। पुल, रेल पटरी, नई टे्रन, नई बसें चलाई जाएगी। शिक्षा की अच्छी व्यवस्था, युवाओं को अधिक अवसर मिले। इसके लिए भी बजट में अनेक फैसले लिए गए हैं। इस सब कामों के लिए काम करने वालों की भी जरूरत होगी। लाखों नौजवानों को रोजगार, आमदनी के नए रस्ते खुलेंगे

देश ने बदली सोच और अप्रोच

बजट के बहाने पीएम मोदी विपक्ष पर भी जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने इसे वोट बैंक का बही खाता बना दिया था। बजट का मतलब सिर्फ इतना रह गया था कि किसके नाम पर क्या घोषणा कर दी जाए। पहले की सरकारों ने बजट को ऐसी घोषणाओं का माध्यम बना दिया था जो वे पूरी ही नहीं कर पाते थे। देश ने वो सोच, अप्रोच बदल दी है। देश ने कोरोना काल में जिस तरह से लड़ाई लड़ी। उसकी पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है

गांवों तक पहुंचा रहे स्वास्थ्य सुविधाएं

पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार का प्रयास है कि गांव-देहात में भी इलाज की ऐसी व्यवस्था हो कि किसी को शहरों की ओर भागना न पड़े। हर जिले में आधुनिक टेस्टिंग लैब बनाई जा रही है। बजट-2021 में स्वास्थ्य पर बड़े खर्च की व्यवस्था की गई है

किसान देश की अर्थव्यवस्था का आधार, चौरीचौरा किसानों का आंदोलन था

तीन कृषि सुधार कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन का जिक्र किए बगैर पीएम मोदी ने देश में खेती और किसानों के लिए किए जा रहे प्रयासों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था का आधार रहा है। चौरी चौरा आंदोलन में भी उनकी बड़ी भूमिका थी। पिछले छह वर्षों से सरकार उनकी स्थिति को बदलने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसका परिणाम कोरोना काल में भी देखने को मिला। महामारी की चुनौतियों के बीच भी कृषि क्षेत्र आगे बढ़ा। किसानों ने रिकार्ड उत्पादन किया

किसान और सशक्त होगा और तेजी से आगे बढ़ेगा। पीएम ने कहा कि देश में मंडियों को किसानों के फायदे का बाजार बनाने की कोशिश हो रही है। इस बजट में 1000 और मंडियों को ऑनलाइन जोड़ने का प्रावधान किया गया है। किसान अपनी फसल कहीं भी बेच सकेगा। ग्रामीण क्षेत्र में इंफरास्ट्रक्चर के विकास पर खर्च बढ़ाकर 40 हजार करोड़ कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार किसान को आत्मनिर्भर और कृषि को लाभप्रद बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में लागू पीएम स्वामित्व योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब गांवों की जमीनों का एक-एक कागज उसके स्वामी को उपलब्ध कराया जा रहा है। जमीनों के सही कागज होंगे तो उनका मूल्य तो बढ़ेगा ही आसानी से कर्ज भी मिल जाएगा। आप कहीं भी रहें आपकी जमीन पर कोई बुरी दृष्टि नहीं डाल पाएगा। इसका बहुत बड़ा लाभ छोटे किसानों और गरीबों को होगा

तस्वीर बदल रही है, गोरखपुर है गवाह

पीएम मोदी ने कहा कि देश की तस्वीर बदल रही है। इसका बहुत बड़ा उदाहरण गोरखपुर भी है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर, क्रांतिकारियों की धरती है। लेकिन पहले यहां की हालत बद से बदतर थी। कारखाने बंद थे। सडकें खस्ताहाल और अस्पताल खुद बीमार थे। अब गोरखपुर खाद कारखाना शुरू हो रहा। एम्स तैयार हो रहा है। मेडिकल कालेज और अस्पताल हजारों बच्चों की जान बचा रहे हैं। पिछले कई सालों से इंसेफेलाइटिस बच्चों का जीवन निगल रही थी। सीएम योगी के नेतृत्व में गोरखपुर के लोगों ने जो काम किया उसकी प्रशंसा दुनिया की बडी-बडी संस्थाएं कर रही हें। आज देवरिया, बस्ती, सिद्धार्थनगर सहित आसपास के अन्य जिलों में भी मेडिकल कालेज बन रहे हैं। पहले पूर्वांचल में 50 किलोमीटर जाने में भी तीन-चार घंटे लग जाते थे। आज फोरलेन, सिक्स लेन बन रहे हैं। कहीं भी आना-जाना आसान हो गया है। गोरखपुर से आठ शहरों के लिए फ्लाइट शुरू हो चुकी है। कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। यह विकास हर स्वतंत्रता सेनानी को देश की श्रद्धांजलि है। पीएम ने कहा कि हमारे लिए देश की एकता सबसे पहले, देश का सम्मान सबसे बड़ा हे। देश के हर देशवासी को साथ लेकर आगे बढ़़ना है। जो यात्रा शुरू की है उसे नए भारत के निर्माण से पूरा करेंगे। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि पूरे साल एक बात न भूलें कि वे चौरी चौरा के क्रांतिकारी देश लिए शहीद हुए थे। वे शहीद हुए इसलिए आज हम स्वतंत्र हैं। वे देश के लिए अपने आप को मार सके। अपने सपनों की आहुति दे सके। हमारे लिए मरने की नौबत तो नहीं है लेकिन देश के लिए जीने का संकल्प जरूर लें। उन्हें सौभाग्य मिला देश के लिए मरने का, हमें सौभाग्य मिला देश के लिए जीने का। यह अवसर हमारे लिए संकल्प, सपनों को पूरा करने, जन जन के लिए जुट लाने का अवसर बनना चाहिए

चौरी चौरा कांड ने दी स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा

सीएम योगी ने निर्धारित समय से पहले पौने दस बजे ही समारोह स्थल पर पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि चार फरवरी 1922 की तारीख भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस चौरी चौरा ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को एक नई दिशा

सीएम योगी की अगुवाई में 50 हजार लोगों ने एक साथ राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् गाकर विश्व रिकार्ड बनाया। सीएम ने दीप प्रज्जवलन कर समारोह स्थल पर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। वह पिछले कई दिनों से समारोह की तैयारियों की खुद निगरानी कर रहे थे। चौरी चौरा महोत्सव को उन्होंने यूपी बोर्ड के पाठ्यक्रम में शामिल करने का निर्देश भी दिया है। समारोह अगले एक साल तक प्रदेश भर के शहीद स्मारकों पर मनाया जाएगा। छात्र-छात्राओं के बीच निबंध, चित्रकला व पोस्टर, क्विज, स्लोगन, कविता लेखन व भाषण प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी

पंडित मदन मोहन मालवीय पर डॉक्यूमेंट्री

समारोह में सुबह 10:38 बजे से पंडित मदन मोहन मालवीय पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री दिखाई जा रही है। गौरतलब है कि पंडित मालवीय ने चौरी चौरा कांड में आरोपी बनाए गए क्रांतिकारियों के मुकदमे की पैरवी की थी और दो सौ से ज्यादा क्रांतिकारियों को फांसी से बचाया था

कमलेश ने की फ्लाईओवर की मांग

कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए चौरी चौरा में फ्लाईओवर की मांग रखी। उन्होंने कहा सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में गोरखपुर के लगभग सभी मुद्दों का समाधान हो चुका है। चौरी चौरा के लोग लम्बे समय से फ्लाईओवर की मांग कर रहे हैं। यह मांग पूरी हो जाती है तो चौरी-चौरा विकास के मार्ग पर और तेजी से बढ़ेगा

विधायक संगीता यादव ने गाया…अब त करगिल नाहि सारा पाकिस्तान चाहत बा चौरी चौरा की विधायक संगीता यादव ने कहा कि चौरीचौरा को इतिहास के पन्नों में दर्ज करने में यह कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस मौके पर उन्होंने भोजपुरी गायक और भाजपा नेता मनोज तिवारी का गाना… अब त करगिल नाहि सारा पाकिस्तान चाहत बा… गाकर लोगों का उत्साह बढ़ाया

खास मौजूदगी

प्रभारी मंत्री रमापति शास्त्री, पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी, पिपराइच विधायक महेंद्र पाल सिंह, ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, विमलेश पासवान, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डा.धर्मेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता।

Leave A Reply

Your email address will not be published.