
लखनऊ : राजधानी लखनऊ में पुलिस गस्त के कमिश्नर लगातार निर्देश दे रहे हैं। लेकिन पुलिस उनके निर्देश को हल्के में ले रही है। कमिश्नरेट में गस्त ना होने से बढ़ रही चोरी और आपराधिक घटनाओं को संज्ञान में लेते हुए मंगलवार की शाम को कमिश्नर सुजीत कुमार पांडेय खुद गस्त और पुलिस की मुस्तैदी का जायजा लेने उत्तरी क्षेत्र में निकल पड़े। कमिश्नर के निरीक्षण की सूचना मिलते ही लापरवाह पुलिसकर्मियों के हाथपांव फूल गए। कुछ तो ड्यूटी पर मुस्तैद थे। लेकिन जो ड्यूटी से गायब थे वो हाँफते हुए अपनी जगह पर पहुँच गए। कमिश्नर के पहुँचने के बाद डीसीपी उत्तरी शालिनी, एडीसीपी, एसीपी सहित इंस्पेक्टर भी हाजिरी लगाने पहुंचे। कमिश्नर ने महानगर से अलीगंज तक पैदल गस्त कर सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। कमिश्नर ने लापरवाहों के पेंच कसते हुए उन्हें सख्त हिदायत दी। कमिश्नर के जाने के बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की साँस ली।
पटरी दुकानदारों से पूछी परेशानी
पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय ने खुद सड़कों पर उतर कर कानून व्यवस्था का जायजा लिया। कानून व्यवस्था का जायजा लेने के लिए उन्होंने खुद गोलमार्केट महानगर से अलीगंज कपूरथला चौराहे तक पैदल गस्त की। इस दौरान उनके साथ डीसीपी उत्तरी, एडीसीपी सहित तमाम फ़ोर्स मौजूद रही। कमिश्नर ने पटरी दुकानदारों से बातचीत कर उनकी परेशानी पूछी। उन्होंने दुकानदारों की समस्याएं निपटाने के निर्देश दिए। पैदल गस्त के दौरान पॉलीगॉन टीम भी मौजूद रही। शहर में में लगातार बढ़ रहे अपराध को लेकर कमिश्नर खुद सड़क पर उतरे और गस्त बढ़ाने के साथ बैरियर चेकिंग को प्रभावी तरीके से करने के निर्देश दिए
थाने में साफ-सफाई देख जताई प्रसन्नता
गस्त के बाद कमिश्नर सुजीत पांडेय अलीगंज थाना पहुँच गए। कमिश्नर के थाना पहुँचने की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। कमिश्नर ने थाना परिसर की व्यवस्थाएं साफ-सफाई देखकर ख़ुशी जाहिर की। कमिश्नर ने सख्त हिदायत दी है कि लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी। क्षेत्र में कमिश्नर के पहुँचते ही लापरवाह पुलिसकर्मी हरकत में आये और आनन-फानन में कई पुलिसकर्मी अपने क्षेत्र की पुलिस चौकी पर पहुँच गए। कमिश्नर के जाने के बाद लापरवाह पुलिसकर्मी पसीना पोछते नजर आये