diwali horizontal

पश्चिम बंगाल में एक बार फिर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच सियासी रस्साकशी जारी

0 76

बंगाल : पश्चिम बंगाल में एक बार फिर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच सियासी रस्साकशी जारी है। भवानीपुर उपचुनाव में भाजपा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ प्रियंका टिबरेवाल को मैदान में उताकर लड़ाई को दिलचस्प बना दिया है। बुधवार को भाजपा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के पास प्रचार नहीं करने दिया गया।  इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने भी दावा किया कि उन्हें हरीश चटर्जी स्ट्रीट पर प्रचार करने से रोका गया, जो ममता बनर्जी के आवास की ओर जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने भाजपा को प्रचार करने से रोक दिया क्योंकि तृणमूल कांग्रेस को 30 सितंबर को होने वाले चुनाव में हार का डर है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) आकाश मघारिया ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके पास टीकाकरण प्रमाणपत्र नहीं था और वे उच्च सुरक्षा क्षेत्र में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे, इसलिए उन्हें दूसरी सड़क पर जाने को कहा गया।भाजपा सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो और मघरिया के बीच मौके पर कहासुनी भी हुई। महतो ने दावा किया कि वे घर-घर प्रचार करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा लोगों की निर्दिष्ट सीमित संख्या का पालन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने कहा कि दल में अधिक लोग थे।मजूमदार ने पत्रकारों से कहा, तृणमूल डर गई है और भाजपा को प्रचार नहीं करने दे रही, लेकिन लोग अवरोधक तोड़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कोलकाता पुलिस विपक्षी राजनीतिक दलों के खिलाफ पक्षपात भरा रवैया अपना रही है।

ममता के खिलाफ भवानीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल ने भी मंगलवार को दावा किया था कि पुलिसकर्मियों उन्हें प्रचार करने से रोक दिया। साथ ही उन्होंने सवाल किया था कि उस गली में मतदाता हैं और अनुमति होने के बावजूद मैं या हमारी पार्टी वहां प्रचार करने क्यों नहीं जा सकती? उन्होंने दावा किया था कि सत्तारूढ़ तृणमूल को इसी इलाके में आराम से प्रचार करने दिया जा रहा है।केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल के समर्थन में घर-घर जाकर प्रचार किया और कहा कि उन्हें क्षेत्र में भगवा पार्टी के लिए स्पष्ट समर्थन दिखाई दे रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.