diwali horizontal

लखनऊ में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दौरा, ध्यान कार्यक्रम के चलते कई मार्गों पर डायवर्जन लागू

0 45

लखनऊ में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दौरा, ध्यान कार्यक्रम के चलते कई मार्गों पर डायवर्जन लागू

लखनऊ: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज 28 नवंबर 2025 को लखनऊ पहुंच रही हैं, जहां वह ‘विश्व एकता और विश्वास के लिए ध्यान (योग)’ राज्य स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन और कई कार्यक्रमों में शामिल होने के चलते राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और यातायात पुलिस ने कई महत्वपूर्ण मार्गों पर डायवर्जन लागू कर दिया है। ये प्रतिबंध कार्यक्रमों की समाप्ति तक प्रभावी रहेंगे।

राष्ट्रपति दोपहर 12 बजे मोहनलालगंज स्थित ब्रह्म कुमारी राजयोग प्रशिक्षण केंद्र, गुलजार उपवन में मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी। उनके स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। आगमन पर राष्ट्रपति का पारंपरिक मयूर नृत्य से स्वागत किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के कलाकार हितेश द्वारा बनाई गई सुंदर रंगोली भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रपति के लिए एक विशेष कक्ष तैयार किया गया है, जहां वह कुछ समय ध्यान भी करेंगी।

यातायात पुलिस ने राष्ट्रपति के रूट पर कई स्थानों पर डायवर्जन लागू किया है। अमौसी एयरपोर्ट परिसर में वीआईपी मोड़ से सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मोहनलालगंज में गुलजार उपवन की ओर जाने वाले मार्ग जैसे गोसाईगंज कस्बा तिराहा, कबीरपुर अंडरपास और साहू रेजीडेंसी कैंप गेट से आम यातायात को पूरी तरह रोका गया है। राजभवन और हजरतगंज क्षेत्र में बंदरियाबाग चौराहा से राजभवन और डीएसओ चौराहा की तरफ यातायात प्रतिबंधित है। हजरतगंज चौराहा और रॉयल होटल चौराहा से डीएसओ चौराहा की ओर भी वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। वृंदावन योजना में सेक्टर-14 नहर पुल चौराहा, सेक्टर-19 चौराहा और सेक्टर-16 सपना एंक्लेव तिराहा से कार्यक्रम स्थल की ओर यातायात को रोका गया है।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए डायवर्जन प्लान का पालन करें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.