
लखनऊ : स्थित केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में आए रोगियों के परिवारीजनों से मनमाना किराया वसूलने वाले प्राइवेट एंबुलेंस चालकों और संचालकों के खिलाफ चौक पुलिस ने शुक्रवार रात छापेमारी की इस दौरान ट्रामा सेंटर के बाहर खड़े एबुंलेंस चालकों में भगदड़ मच गई। चालक और संचालक एंबुलेंस छोड़कर भाग खड़े हुए। एसीपी चौक आइपी सिंह और इंस्पेक्टर विश्वजीत सिंह ने 14 एंबुलेंस को सीज कर दिया। पुलिस चालकों और संचालकों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है यह कार्रवाई एक मरीज के परिवारीजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने की है। सीज की गई सभी एंबुलेंस को चौक पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
सस्ते इलाज का झांसा देकर ले जाते थे मरीजों को निजी अस्पताल
एसीपी चौक ने बताया कि यह प्राइवेट एंबुलेंस चालक ट्रामा सेंटर में भर्ती मरीजों के परिवारीजन जब बाहर कहीं चाय पीने के लिए निकलते अथवा किसी के इंतजार में खड़े होते थे तो यह लोग उनके पास जाते थे। चालक और संचालक उनसे मरीज के बारे में जानकारी हासिल करते और फिर बरलगा कर निजी अस्पताल में सस्ते इलाज का झांसा देते थे इसके बाद यहां से रेफर करवा कर निजी अस्पतालों में ले जाते और मनमाना किराया वसूलते थे। एसीपी चौक आइपी सिंह ने बताया कि सड़क पर खड़ी इन एंबुलेंस की वजह से जाम लगता है। इसके साथ ही यह लोग मरीजों के घरवालों से मनमाना किराया वसूलते थे इनके चालकों और संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाही की जाएगी।