
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस के आंकड़ों को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने योगी सरकार पर हमला बोला है। दरअसल यूपी में जिस रफ्तार से कोरोना संक्रमण के आंकड़े बढ़ रहे हैं, उस पर प्रियंका गांधी वाड्रा ने सीएम योगी के बयान को हास्यास्पद बताया है। प्रियंका गांधी ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना वायरस भयावह रूप लेता जा रहा है और ऐसे में सीएम योगी आदित्यनाथ का बयान हास्यास्पद है

प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस मामले को लेकर एक ट्वीट भी किया है। जिसके जरिए उन्होंने सीएम योगी पर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा है, ‘यूपी सीएम का कोरोना पर बयान हास्यास्पद है। यूपी में कोरोना के मामले भयावह रूप ले चुके हैं, लखनऊ के अस्पतालों के सारे बेड व आईसीयू फुल हैं। अव्यवस्थाओं से लोगों की जानें जा रही हैं, सरकार इन समस्याओं को हल करने की बजाए अपनी झूठी पीठ थपथपाने में लगी है
’
गोरखपुर में दिया था बयान
आपको बता दें कि सीएम योगी गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि प्रदेश में कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई मजबूत तरीके से लड़ी जा रही है। सीएम योगी ने कहा था कि हर रोज डेढ़ लाख से ज्यादा टेस्ट हो रहे हैं, जिसके कारण कोरोना को जल्द पकड़ में लाया जा रहा है। गौरतलब हो कि टेस्टिंग के मामले में यूपी ने सभी राज्यों को पीछे छोड़ दिया है
उत्तर प्रदेश में कोरोना टेस्टिंग की बात करें, तो राज्य में हर रोज लगभग डेढ़ लाख टेस्ट हो रहे हैं, जबकि कुल टेस्ट की संख्या 60 लाख के करीब है। हालांकि इसी वजह से अब यूपी में कोरोना वायरस के मामले भी काफी तेजी से सामने आ रहे हैं