
हैदरगढ़ बाराबंकी : उत्तरप्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री सत्यप्रकाश मिश्र एवं जिलाध्यक्ष अरुणेंद्र कुमार वर्मा का हैदरगढ़ आगमन पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय हैदरगढ़ के प्रांगण में जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के ब्लॉक महामंत्री रुद्रकांत बाजपेई के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया। मिश्र ने कहा कि संगठन हमेशा शिक्षकों के साथ खड़ा है।
कोरोना काल में भी शिक्षकों ने शिक्षण व्यवस्था को प्रभावित नहीं होने दिया फिर भी सरकार द्वारा तरह तरह के नियम लागू किये जा रहे है। जिससे शिक्षकों को अपेक्षित सहयोग की कमी सी महसूस हो रही है। फिर भी किसी भी स्थिति में शिक्षकों की गोपनीय आख्या एवं चरित्र पंजिका में प्रवेश हेतु जो निर्देश निर्गत किए गए हैं उनका पूरी तरह से विरोध किया जायेगा।
यदि इसके बाद भी सरकार नहीं मानी तो शिक्षक एक बड़े आंदोलन हेतु बाध्य होंगे। जिसका संपूर्ण उत्तरदायित्व शासन एवं प्रशासन का होगा। उन्होंने सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के देयकों का समय से भुगतान करने, जिले जिले में ठप पड़ी पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र ही चालू करने, पुरानी पेंशन योजना शुरू कराने आदि को लेकर आंदोलन करने की बात कही। शिक्षकों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नही किया जाएगा। इस अवसर पर श्रवण कुमार शुक्ल, धर्मेंद्र मिश्रा, यूटा के जिला संगठन मंत्री दीपक मिश्रा, रजनीश शुक्ला, अनुदेशक संघ के जिला सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र मिश्रा, शैलेंद्र सिंह, मोहित सिंह, हरिश्चंद्र सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।