
कांग्रेस की ओर बढ़ा जनसमर्थन, सपा-बसपा और विश्व हिंदू युवा वाहिनी के नेताओं ने थामा हाथ
लखनऊ/मऊ/देवरिया: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की नीतियों और नेतृत्व में आस्था जताते हुए मऊ और देवरिया में शनिवार को समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और विश्व हिंदू युवा वाहिनी से जुड़े कई प्रभावशाली नेताओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने सभी नवागंतुक नेताओं का पार्टी में स्वागत किया और उन्हें कांग्रेस का तिरंगा पटका पहनाकर सदस्यता दिलाई।मऊ जनपद से समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला पंचायत सदस्य हरीश चन्द्र यादव और बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामानंद यादव ने जिला कांग्रेस कमेटी मऊ के अध्यक्ष राजमंगल यादव के नेतृत्व में कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। वहीं देवरिया जनपद से विश्व हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिला अध्यक्ष हरिहर त्रिपाठी ने जिला कांग्रेस कमेटी देवरिया के अध्यक्ष विजय शेखर मल्ल के नेतृत्व में अपने समर्थकों सहित पार्टी में प्रवेश किया।इस मौके पर पूर्व मंत्री राजबहादुर, पूर्व विधायक सतीश अजमानी, निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष केशवचंद्र यादव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजमंगल यादव (मऊ) और विजय शेखर मल्ल (देवरिया), कांग्रेस नेता दयानंद सिंह दुसाध समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नेता मौजूद रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा कि आज देश के आम जनमानस और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेता कांग्रेस पार्टी और उसके नेतृत्व—मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी—पर विश्वास जता रहे हैं। यही कारण है कि कांग्रेस परिवार दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है। उन्होंने इसे बदलाव की शुरुआत बताया और कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था की विफलता से त्रस्त जनता अब कांग्रेस को विकल्प मान रही है।अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार लोगों का ध्यान मूल मुद्दों से हटाकर धर्म और संप्रदाय की राजनीति कर रही है। दलित, वंचित और शोषित समाज के साथ अन्याय हो रहा है, जबकि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सुरक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों को नजरअंदाज किया जा रहा है।राहुल गांधी की जनसंवाद यात्रा और संघर्ष को रेखांकित करते हुए अजय राय ने कहा कि उन्होंने सदन से लेकर सड़क तक देश की जनता की आवाज उठाई है। आज देश की जनता उन्हें एक उम्मीद के तौर पर देख रही है, और हम सबको मिलकर इस लड़ाई में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलना होगा।कार्यक्रम में सदस्यता लेने वालों में पूर्व प्रधान हरेंद्र प्रसाद, अशोक कुमार, अखिलेश कुमार शर्मा, डॉ. राशिद उस्मानी, डॉ. नासिर अली, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य परशुराम यादव, रामानंद चौहान, राजकुमार मौर्य, एडवोकेट रमेश चंद्र यादव, सौरभ कुमार, अमरनाथ योगी, आलोक कुमार, हरिओम त्रिपाठी, मदनलाल गोंड, दिनेश उपाध्याय और संतोष कुमार गोंड सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और युवा नेता शामिल रहे।कांग्रेस ने इन नेताओं के पार्टी में शामिल होने को जनता के बदलते रुझान का संकेत बताया है और कहा है कि यह सिलसिला जारी रहेगा।
