
बारिश का पानी बना आफत, कच्चा हाता के लोग जलभराव से त्रस्त, प्रशासन बेखबर।
Aminabad News:लखनऊ का अमीनाबाद क्षेत्र, जो अपनी ऐतिहासिक गलियों और घनी आबादी के लिए जाना जाता है, इन दिनों जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। विशेष रूप से कच्चा हाता और चिकमंडी, गोलागंज, जैसे इलाकों में हल्की बारिश भी तालाब जैसी स्थिति पैदा कर देती है।

क्षेत्रीय निवासियों और दुकानदारों को हर साल मानसून के मौसम में इस परेशानी का सामना करना पड़ता है। गलियों में कई दिनों तक पानी भरा रहता है, जिससे लोगों का सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। जलभराव के कारण न सिर्फ आवागमन में दिक्कत होती है, बल्कि मच्छर और अन्य कीटाणु भी पनपते हैं, जिससे कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। हालांकि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जलभराव वाले क्षेत्रों में अधिकारियों पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका कोई खास असर दिखाई नहीं दे रहा है।
इस समस्या का जल्द समाधान होना आवश्यक है, ताकि अमीनाबाद जैसे महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक क्षेत्र के लोग सुरक्षित और स्वस्थ जीवन जी सकें।