
राज्य भर में रेड अलर्ट, हर हालात से निपटने को तैयार।
इंडिया Live:पाकिस्तान पर भारत की एयर स्ट्राइक के बाद यूपी में रेड अलर्ट जारी किया गया है। डीजीपी प्रशांत कुमार ने रेड अलर्ट का ऐलान किया। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया है कि आर्मी और एयरफोर्स के साथ समन्वय करके महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा मजबूत करें।
डीजीपी ने कहा कि पुलिस पूरी तरह सतर्क और हर नागरिक की सुरक्षा के लिए तैयार है। रेड अलर्ट के बाद यूपी में अहम धार्मिक और सामरिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास फोर्स बढ़ा दी गई है। वहीं, मथुरा और अयोध्या में भी पुलिस ने गश्त किया।
वाराणसी एयरपोर्ट, कानपुर रेलवे स्टेशन, लखनऊ विधानसभा में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। जगह-जगह वाहनों की चेकिंग की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, रेड अलर्ट एक चेतावनी प्रणाली है, जो आपात स्थिति की तरफ इशारा करती है। आतंकी खतरे या युद्ध जैसी स्थिति में लोगों को सतर्क रहने और निर्देशों का पालन करने के लिए कहा जाता है। रेड अलर्ट का पालन करना जरूरी होता है। क्योंकि यह जान-माल की सुरक्षा के लिए होता है।
पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक पर सीएम योगी ने कहा- जय हिंद! जय हिंद की सेना!। वहीं, अखिलेश यादव ने लिखा- पराक्रमो विजयते! बसपा प्रमुख मायावती ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर गौरवमय व सराहनीय यूपी में लंबे अर्से बाद रेड अलर्ट घोषित हुआ है। पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह बताते हैं- मेरी याद में 1971 के बाद यह पहला मौका है, जब किसी हमले या आतंकी घटना को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया।