diwali horizontal

रेडक्रॉस सोसाइटी जनसेवा और मानवता की मिसाल, ब्रजेश पाठक निर्विरोध बने प्रदेश शाखा के सभापति

0 55

रेडक्रॉस सोसाइटी जनसेवा और मानवता की मिसाल, ब्रजेश पाठक निर्विरोध बने प्रदेश शाखा के सभापति

उपमुख्यमंत्री ने कहा—स्वास्थ्य, आपदा राहत और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में निभा रही ऐतिहासिक भूमिका

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी केवल एक संस्था नहीं, बल्कि सेवा, करुणा और मानवता का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देशभर में फैली 1100 से अधिक शाखाओं के माध्यम से यह सोसाइटी आपदा राहत, स्वास्थ्य सेवाओं, रक्तदान अभियान और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य कर रही है।ब्रजेश पाठक शुक्रवार को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की उत्तर प्रदेश राज्य शाखा के चुनाव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर वह राज्य शाखा के सभापति पद पर निर्विरोध चुने गए। वहीं कोषाध्यक्ष पद के लिए अरुण कुमार सिंह के नाम पर भी सर्वसम्मति से मुहर लगी।डिप्टी सीएम ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी न केवल स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन में अहम भूमिका निभा रही है, बल्कि समाज में निष्पक्षता, निस्वार्थ सेवा और एकता जैसे मानवीय मूल्यों को भी लगातार मजबूत कर रही है। “युद्ध या संकट की घड़ी में जब तमाम संस्थाएँ पीछे हट जाती हैं, तब रेडक्रॉस ही वह नाम होता है जो बिना किसी भेदभाव के पीड़ितों तक मदद पहुंचाने में सबसे आगे रहता है,” उन्होंने कहा।चुनाव अधिकारी गंगाराम गुप्ता ने बताया कि प्रदेश शाखा के सभापति और कोषाध्यक्ष के नाम फतेहपुर के चेयरमैन अनुराग श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत किए गए थे। प्रस्ताव का समर्थन पूर्व उपसभापति अखिलेंद्र शाही ने किया, जिसे सभा ने ध्वनि मत से सर्वसम्मति से स्वीकार किया।इस अवसर पर अखिलेंद्र शाही ने बीते वर्षों में रेडक्रॉस द्वारा किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि संस्था ने कोविड संकट से लेकर बाढ़, आग और अन्य आपदाओं में तत्परता से राहत पहुंचाई है। प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच कैंप और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों के माध्यम से सोसाइटी ने अपनी भूमिका को सशक्त रूप में निभाया है।चुनाव सभा में बड़ी संख्या में रेडक्रॉस पदाधिकारी, क्षेत्रीय प्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे। सभा के दौरान प्रदेश शाखा के भविष्य की कार्ययोजना और सेवा विस्तार पर भी चर्चा की गई।इस निर्विरोध निर्वाचन के साथ ही इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश राज्य शाखा ने सामाजिक सेवा के अपने संकल्प को एक बार फिर और मजबूत कर लिया है। जनहित और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ती इस संस्था के नेतृत्व में प्रदेश में सेवा कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.