
अयोध्या: फैजाबाद डाक मण्डल के प्रवर अधीक्षक डाकघर आर एन यादव की अध्यक्षता में मेगा डाक मेला का आयोजन जिला पंचायत के सभागार में किया गया । मेगा डाक मेला में बतौर मुख्य अतिथि लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल, विवेक कुमार दक्ष ने शिरकत करते हुए कहा कि जनता का डाकघर से वर्षो पुराना, विश्वास एवं मजबूत नाता है यह हमेशा आपके सुख़ दुःख का साथी रहा है तथा कोरोना काल में इंडिया पोस्ट पेमेण्ट बैंक के आधार इनेवेल्ड पेमेंट्स सिस्टम के माध्यम से घर बैठे किसी भी बैंक के पैसे को निकाल कर तथा जरूरतमन्द तक दवा, राशन आदि पहुचाने के सेवाओं से देश के नागरिकों का दिल जीत रहा है I
डाकघर ने अपने दायित्व को निभाते हुए देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का कार्य किया है, केंद्र सरकार ने डाकघर को कई लाभकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुचाने का दायित्व दिया है द्य इन योजनाओ के अंतर्गत अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के साथ-साथ ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना तथा अन्य अल्प बचत योजनाओं से जुड़कर सभी नागरिक अपना व अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित करके जीवन में आर्थिक व सामाजिक रूप से अधिक सुदृढ़ हो सकेंगे जिससे देश के विकास में आवश्यक सहयोग प्राप्त हो सकेगा I
दक्ष ने जनता से डाकघर से जुड़ने हेतु एक बचत खाता एवं डाक जीवन बीमा पॉलिसी अपनाने के लिए अपील भी किया और कहा कि किसान एवं गरीब परिवार के लिए ग्रामीण डाक जीवन बीमा की पॉलिसी अधिक लाभकारी है डाकघर की सभी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ सीधे जनता को मिलता है क्योंकि डाकघर में कोई बिचैलियों की जगह नहीं होती है साथ ही यह भी कहा कि डाक जीवन बीमा योजना में किसी भी बीमा कम्पनी से सर्वाधिक भुगतान किया जाता है I
इस दौरान प्रवर अधीक्षक डाकघर यादव ने कहा कि समाज में भ्रूण हत्या जैसे जघन्य अपराधों पर नियंत्रण पाने तथा बेटियों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए डाकघर में सुकन्या समृद्धि योजना से खुद भी जुड़े साथ ही सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए अपने आस पास के परिवार को बेटियों के भविष्य को सँवारने के लिए सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाने के लिए प्रेरित भी करें ।
यादव ने बताया कि किसी भी डाकघर में सुकन्या खाता 10 वर्ष से कम बेटियों का रु 250 से खाता खोलकर अगली धनराशि 100 से लेकर डेढ़ लाख तक जमा करके 21 वर्ष पर लाखों धन इकट्ठा किया जा सकता है । इस दौरान दक्ष ने बेटियों को सुकन्या पासबुक उपहार, डाक जीवन बीमा पॉलिसी बॉन्ड, डाक जीवन बीमा स्वीकृत चेक तथा आई पी पी बी क्यू आर कार्ड वितरित किया साथ ही मेगा मेला में ग्रामीण डाक जीवन बीमा का सर्वाधिक व्यवसाय के लिए शाखा डाकपालों को पुरस्कृत किया । इस दौरान सीनियर पोस्टमास्टर रवि कुमार, सहायक अधीक्षक जय प्रकाश, डाक निरीक्षक अल्का गौड़, सत्येन्द्र प्रताप सिंह, जयशंकर प्रसाद वर्मा, धीरेंद्र दुबे, राघवेंद्र सिंह, नीलू सोनी, प्रतिभा सिंह, प्रिया मिश्रा, राज कुमार गुप्ता सहित सैकड़ों डाककर्मी मौजूद रहे ।