diwali horizontal

संजय सिंह ने लखनऊ में की पदयात्रा, बोले – स्कूल बंद कर योगी सरकार कर रही बच्चों के भविष्य से खिलवाड़

0 94

संजय सिंह ने लखनऊ में की पदयात्रा, बोले – स्कूल बंद कर योगी सरकार कर रही बच्चों के भविष्य से खिलवाड़

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में प्राथमिक विद्यालयों को बंद किए जाने के खिलाफ आम आदमी पार्टी के “स्कूल बचाओ अभियान” के तहत पार्टी के प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को लखनऊ के बीकेटी क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय सहपुरवा का दौरा किया। स्कूल बंद होने और उसके विलय से परेशान बच्चों व अभिभावकों से मुलाकात कर संजय सिंह ने उनके साथ करीब ढाई किलोमीटर तक पदयात्रा की, जहां इन बच्चों को अब पढ़ने के लिए भेजा गया है।पदयात्रा के दौरान संजय सिंह ने कहा कि छोटे-छोटे मासूम बच्चों को रोज ढाई किलोमीटर दूर स्कूल भेजना अत्याचार है। बच्चों के पास पहनने को चप्पल तक नहीं है, और रास्ते में व्यस्त सड़क, जंगल और बंदरों से खतरा बना रहता है। यह उनके जीवन से सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार कानून स्पष्ट कहता है कि एक किलोमीटर के दायरे में प्राथमिक विद्यालय होना चाहिए, लेकिन सरकार उस कानून को भी दरकिनार कर रही है।इस मौके पर एक स्थानीय महिला ने बताया कि जब उनके बच्चों को स्कूल में दाखिला दिलाने के लिए प्रयास किया गया, तो उन्हें मना कर दिया गया। जबकि दर्जनों बच्चे पढ़ने को तैयार थे। इस पर संजय सिंह ने कहा कि यह भेदभाव दलित, शोषित और पिछड़े वर्गों के बच्चों के साथ हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि वे इस गांव में आकर अपनी नीतियों के दुष्परिणाम स्वयं देखें।संजय सिंह ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में 27 हजार प्राथमिक विद्यालयों को बंद कर दिया गया है, जो सीधे तौर पर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चों को शिक्षा से वंचित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इस तानाशाही के खिलाफ संघर्ष करेगी और बंद स्कूलों को फिर से शुरू कराने के लिए जन आंदोलन तेज़ किया जाएगा।संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की कि बंद किए गए सभी प्राथमिक विद्यालयों को तत्काल पुनः चालू किया जाए, बच्चों को स्थानीय स्तर पर शिक्षा की सुविधा मिले और प्रदेश में नए स्कूल खोले जाएं, साथ ही शिक्षकों की भर्ती भी सुनिश्चित की जाए।उन्होंने सभी अभिभावकों और नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस अभियान से जुड़ें और अपने बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए आगे आएं।इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष राजेश सिंह, अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल, प्रिंस सोनी, नीलम यादव, महेंद्र सिंह, प्रखर श्रीवास्तव, अंकित परिहार, माजिद, इस्मा जहीर, प्रियंका श्रीवास्तव, पंकज यादव, ज्ञान सिंह, साहिल, अनिल जैन, पीके बाजपेई, शादाब और अभिषेक समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.