
लखनऊ : कोरोना सेे संक्रमित समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और एमएलसी एसआरएस यादव का लखनऊ में निधन हो गया। वह ‘बाबू जी’ के नाम से भी जाने जाते थे। पिछले कुछ दिनों पहले एसआरएस यादव कोरोना संक्रमित पाए गए थे। एसआरएस यादव का इलाज लखनऊ के पीजीआई के कोविड वार्ड में चल रहा था। सोमवार रात 12 बजे के करीब उन्होंने आखिरी सांस ली।उनका अंतिम संस्कार लखनऊ स्थित भैंसाकुण्ड घाट पर कोविड प्रोटोकॉल का हिसाब से होगा।
एसआरएस यादव के निधन पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खेद व्यक्त किया है। अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, ‘एसपी के वरिष्ठ नेता, एमएलसी व पार्टी कार्यालय के प्रभारी एसआरएस यादव जी के कोरोना से निधन पर हम सब स्तब्ध हैं। प्रदेश ने आज एक समर्पित समाजवादी खो दिया है। उनको भावपूर्ण नमन व श्रद्धांजलि।

बता दें एसआरएस यादव समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और सलाहकारों में शुमार थे। वह पार्टी कार्यालय के प्रभारी भी थे। उन्होंने अखिलेश यादव के साथ भी काम किया। मुलायम के करीबी होने के साथ वे अखिलेश के खास लोगों में भी शामिल थे। राजनीति में आने से पहले एसआरएस यादव पहले कोऑपरेटिव बैंक में नौकरी करते थे। उसी दौरान वह मुलायम सिंह यादव के संपर्क में आए। 1989 में मुलायम सिंह यादव जब पहली बार यूपी के मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने एसआरएस यादव को अपना विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) बनाया था।