
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड: कश्मीर–हिमाचल में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में घना कोहरा, उड़ानें और ट्रेनें प्रभावित
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड: कश्मीर–हिमाचल में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में घना कोहरा, उड़ानें और ट्रेनें प्रभावित
नई दिल्ली।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हिमपात व बूंदाबांदी के साथ-साथ उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में घने कोहरे और शीतलहर ने ठंड को और तेज कर दिया है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम रही, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। धुंध की वजह से श्री माता वैष्णो देवी में कटड़ा–सांझीछत हेलिकॉप्टर सेवा भी प्रभावित रही।
तापमान में गिरावट का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी के बाद लगातार चार दिनों तक 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने और शीतलहर चलने की संभावना है। दिल्ली के लिए ठंड और कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली समेत उत्तर भारत में ठंड का असर
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक रहा, जबकि अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा के नारनौल और पंजाब के गुरदासपुर सबसे ठंडे स्थान रहे, जहां न्यूनतम तापमान क्रमशः 5.2 और 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
बिहार में चार दिन तक मौसम स्थिर
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में अगले चार दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। राज्य के सात शहरों में घना कोहरा छाया रहेगा, जबकि 25 जिलों में अधिक ठंड रहने का अनुमान है।
कश्मीर में चिल्ले कलां की शुरुआत
कश्मीर घाटी में बारिश और बर्फबारी के साथ 40 दिनों की कड़ी सर्दी के दौर ‘चिल्ले कलां’ की शुरुआत हो गई है। सोनमर्ग, गुलमर्ग सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। श्रीनगर में तड़के शुरू हुई बारिश देर शाम तक जारी रही। जम्मू और कटड़ा में हल्की बारिश दर्ज की गई। बर्फबारी के चलते राजोरी और पुंछ को शोपियां से जोड़ने वाला मुगल रोड एहतियातन बंद कर दिया गया है।
हिमाचल में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ
हिमाचल प्रदेश में रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा, धौलाधार और लाहुल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हुआ। रोहतांग और कुंजम दर्रे में करीब आधा फीट तक बर्फ जमी है, जबकि चुराह, भरमौर और चंबा में बूंदाबांदी दर्ज की गई।
हवाई और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दृश्यता कम होने के कारण 110 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 700 से अधिक उड़ानें देरी से संचालित हुईं। दिल्ली आने वाली चार उड़ानों को जयपुर और अहमदाबाद डायवर्ट किया गया। 15 से 21 दिसंबर के बीच कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर रद्द हुई उड़ानों की संख्या 806 तक पहुंच चुकी है।
श्रीनगर एयरपोर्ट से करीब 15 उड़ानों का संचालन नहीं हो सका। पटना एयरपोर्ट पर एअर इंडिया और इंडिगो की कई उड़ानें रद्द रहीं, जबकि एक दर्जन से अधिक फ्लाइट देरी से चलीं। दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ानें 8 से 48 मिनट तक विलंबित रहीं।
रेल यातायात भी प्रभावित रहा। पटना से होकर गुजरने वाली करीब ढाई दर्जन ट्रेनें देरी से चलीं। हरिद्वार–राजगीर स्पेशल 20 घंटे और आनंद विहार–जयनगर गरीब रथ 13 घंटे विलंब से चली। दिल्ली आने-जाने वाली 60 से अधिक ट्रेनें 2 से 9 घंटे तक लेट रहीं, जिनमें वंदे भारत, राजधानी और तेजस एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं।
